scorecardresearch
 

'तुरंत जंग रोकें, वरना नतीजे गंभीर होंगे...', फोन कर ईरानी राष्ट्रपति से बोले मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से युद्ध रोकने और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खोलने की अपील की है. मैक्रों ने शांति और सुरक्षा पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि अगर युद्ध जारी रहा तो पूरी दुनिया को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.

Advertisement
X
मैक्रों ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बहाल करने की अपील की. (Photo: AP)
मैक्रों ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बहाल करने की अपील की. (Photo: AP)

मिडिल-ईस्ट में चल रही जंग का असर दुनिया के कई दूसरे देशों पर भी पड़ रहा है. स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज बंद हो गया है जिसके चलते तेल और सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं. इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बात की है और उनसे तुरंत युद्ध रोकने की अपील की है.

इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए पेजेश्कियान से हुई बातचीत का ब्योरा दिया है. उन्होंने अपने पोस्ट में शांति और सुरक्षा पर जोर दिया.

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि अगर इस जंग को नहीं रोका गया तो आने वाले समय में ईरान समेत पूरी दुनिया को इसकी भारी कीमत चुकाने होगी. उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पूरी तरह खोलने के लिए भी कहा. 

तुरंत युद्ध रोकने की अपील

इमैनुएल मैक्रों ने लिखा, 'मैंने अभी-अभी ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बात की है. मैंने उनसे अपील की है कि वो ईरान की तरफ से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से लेबनान और इराक सहित क्षेत्र के देशों पर किए जा रहे अस्वीकार्य हमलों को तुरंके रोकें. मैंने उन्हें याद दिलाया कि फ्रांस अपने हितों, अपने क्षेत्रीय साझेदारों और समुद्री आवागमन की स्वतंत्रता की रक्षा के मकसद से एक पूरे रचनात्मक ढांचे के अंदर काम कर रहा है और हमारे देश को निशाना बनाना मंजूर नहीं है.'

Advertisement

'आने वाले सालों में गंभीर नतीजे...'

मैक्रों ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, 'हम जिस बेकाबू होते तनाव को देख रहे हैं, वो पूरे क्षेत्र को अराजकता में धकेल रहा है, जिसके आज और आने वाले सालों में गंभीर नतीजे होंगे. ईरान के लोग, पूरे क्षेत्र के लोगों की तरह, इसकी कीमत चुका रहे हैं. सिर्फ एक नया राजनीतिक और सुरक्षा ढांचा ही सभी के लिए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है.'

ईरान के पास परमाणु हथियार न हो: मैक्रों

उन्होंने सलाह दी कि नए राजनीतिक ढांचे को ये ध्यान देना होगा कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न करे, साथ ही उसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी अस्थिरता फैलाने वाली गतिविधियों से पैदा हुए खतरों का समाधान भी करना होगा.

यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका जंग का असर... नेपाल में पेट्रोल 31, डीजल 54 और गैस सिलेंडर 296 रुपये महंगा

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बहाल करने की मांग

ईरान से अपील करते हुए मैक्रों ने कहा, 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री आवागमन की स्वतंत्रता को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए. मैंने ईरानी राष्ट्रपति से ये भी अपील की कि वो सेसिल कोहलर और जैक्स पेरिस को तुरंत सुरक्षित फ्रांस लौटने की अनुमति दें. उनका मुश्किलों से भरा समय बहुत लंबा खिंच चुका है और उन्हें अपनों के साथ रहने का अधिकार है.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement