शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा. (Photo: ITGD) बंगाल की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है. राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने वाली है. भवानीपुर में पूर्व सीएम ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस समारोह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे. वहीं, प्रोटोकॉल के हिसाब से ममता बनर्जी को भी समारोह का न्योता भेजा गया है.
8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे जहां शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया. शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया. इसके बाद शुभेंदु ने कोलकाता में राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.
बता दें कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 207 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की थी. वहीं, टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमटकर रह गई और उसके 15 सालों के शासन का खात्मा हो गया.
शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल BJP लेजिस्लेटिव पार्टी के नेता चुने जाने पर, राज्य BJP प्रेसिडेंट समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'ये सिर्फ हमारा सपना नहीं था, ये लाखों BJP वर्कर्स का सपना था. श्यामा प्रसाद की धरती पर श्यामा प्रसाद की सरकार बनने जा रही है. कल मुख्यमंत्री शपथ लेंगे. हमारी जिंदगी में इससे बड़ा पल शायद ही कोई हो. पश्चिम बंगाल के लोगों ने जंगल राज को उखाड़ फेंका है. ये डेमोक्रेसी की जीत है.' वो आगे कहते हैं, 'ममता बनर्जी को प्रोटोकॉल के हिसाब से बुलाया गया है.'
यूपी के डिप्टी-सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने शुभेंदु अधिकारी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में TMC का कार्यकाल एक अंधेरी रात जैसा रहा है. लोगों को घुटन महसूस हुई और पश्चिम बंगाल पिछड़ गया, जिसे देश में सबसे आगे होना चाहिए था, लेकिन पश्चिम बंगाल के लोग डरे नहीं। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के भरोसे पर भरोसा किया और कमल का बटन दबाया.'
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. ऐसे में शुभेंदु अधिकारी बंगाल के पहले बीजेपी सीएम होंगे. वो आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन, बिहार के सीएम सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में बीजेपी नेताओं के साथ मीटिंग के बाद कहा था, 'आठ प्रपोजल मिले थे, और उन सभी में सिर्फ एक नाम था. दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रपोज नहीं किया गया. इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं.'