scorecardresearch
 

धमाकों और गोलीबारी से दहला कराची! PAK रेंजर्स हेडक्वार्टर के पास हमले में चार की मौत

पाकिस्तान के कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय के पास शनिवार देर रात धमाकों के बार काफी देर तक गोलीबारी हुई. हमलावरों ने रेंजर्स कंपाउंड को निशाना बनाकर हमला किया, जिसके बाद करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ चली.

Advertisement
X
 पाकिस्तान के कराची में रेंजर्स हेडक्वार्टर के पास आत्मघाती विस्फोट. (Photo: ITG)
पाकिस्तान के कराची में रेंजर्स हेडक्वार्टर के पास आत्मघाती विस्फोट. (Photo: ITG)

पाकिस्तान के कराची में आत्मघाती हमले की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके के ब्लॉक-6 स्थित रेंजर्स हेडक्वार्टर (पाकिस्तान रेंजर्स का मुख्यालय) के पास जोरदार धमाकों के बाद काफी देर तक गोलीबारी हुई. इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हैं. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि जान गंवाने वाले आम नागरिक हैं या पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के जवान.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कराची हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार (JuA) ने ली है. संगठन ने दावा किया है कि इस हमले को अंजाम देने में उसके नौ लड़ाके शामिल थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक आत्मघाती हमलावर ने रेंजर्स कंपाउंड को निशाना बनाकर विस्फोट किया, जबकि उसके अन्य साथियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद इलाके में भीषण मुठभेड़ छिड़ गई.

सूत्रों का कहना है कि पहला धमाका बेहद शक्तिशाली था, जिसके बाद दो छोटे विस्फोट भी हुए. बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच करीब आधे घंटे तक गोलीबारी चलती रही. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके की एक प्रमुख सड़क पर हुआ, जो कराची यूनिवर्सिटी और शहर में मौजूद अन्य कई विश्वविद्यालयों को जोड़ती है और पाकिस्तान मौसम विभाग की ओर जाती है.

Advertisement
 

पाकिस्तान की पैरामिलिट्री फोर्स है रेंजर्स

पाकिस्तान रेंजर्स एक अर्धसैनिक बल (Paramilitary Force) है, जिसका काम मुख्य रूप से देश की सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी अभियानों को अंजाम देना है. इसके अलावा रेंजर्स दंगों और हिंसा पर नियंत्रण, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था, बड़े आयोजनों और वीआईपी सुरक्षा में भी सहायता करते हैं.

यह बल पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर भी ऑपरेशन करता है. पाकिस्तान रेंजर्स दो प्रमुख हिस्सों में बंटा है. 1- पंजाब रेंजर्स, जो पंजाब प्रांत और भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पंजाब सेक्टर की निगरानी करता है. 2- सिंध रेंजर्स, जो सिंध प्रांत, खासकर कराची और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालता है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती दिखाई दे रही है, जबकि बीच-बीच में गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं. पाकिस्तान के प्रमुख अखबार 'डॉन' के मुताबिक सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. कराची में अक्सर कानून-व्यवस्था और आतंकवाद विरोधी अभियानों में पाकिस्तान रेंजर्स की तैनाती रहती है. यही वजह है कि गुलिस्तान-ए-जौहर स्थित रेंजर्स मुख्यालय को हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र माना जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement