जॉर्जिया से एक भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, 14 मई से भारतीय मेडिकल स्टूडेंट ध्वनित राजदीप लापता है, जिसकी अब मौत की आशंका जताई जा रही है. इस बीच जॉर्जिया की म्तक्वारी (Mtkvari) नदी से एक संदिग्ध शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान के लिए जांच जारी है. माना जा रहा है कि यह शव लापता ध्वनित का हो सकता है.
जॉर्जिया पुलिस ने ध्वनित के बड़े भाई मिहिर राजदीप के डीएनए सैंपल लिए हैं. नदी से मिला शव लंबे समय तक पानी में रहने के कारण पहचान में नहीं आ पा रहा है. ऐसे में बताया जा रहा है कि डीएनए परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शव ध्वनित का है या नहीं.
अहमदाबाद के ओढव इलाके में रहने वाले ध्वनित के पिता मयूर राजदीप ने बताया कि जॉर्जिया पुलिस ने अब तक उनके बेटे की मौत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहचान करने के लिए बड़े बेटे मिहिर का डीएनए सैंपल लिया है.
यह भी पढ़ें: 'डील होगी या परिणाम झेलने होंगे...', ईरान को अमेरिकी रक्षा मंत्री की खुली धमकी
मयूर राजदीप ने मांग की है कि अगर बरामद शव ध्वनित का साबित होता है, तो उसका पैनल पोस्टमॉर्टम कराया जाए, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके. उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे जरूरी यह है कि डीएनए रिपोर्ट के जरिए यह पुष्टि हो कि मिला हुआ शव वास्तव में ध्वनित का ही है या नहीं.
बता दें, 23 साल का ध्वनित राजदीप जॉर्जिया की कॉकेशस यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था. वह 14 मई से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है. इस मामले में ध्वनित के माता-पिता मयूर और धर्मिष्ठा ने उस भारतीय मकान मालिक अनिल को लेकर भी सवाल उठाए थे, जिसके घर में ध्वनित किराये पर रहता था. परिवार ने दोनों के बीच हुए कथित विवाद को लेकर भी सवाल उठाए हैं.