जर्मनी की संसद बुंडेस्टाग में महिलाओं के अधिकार और महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर बहस चल रही थी. इसी दौरान वामपंथी पार्टी डाइ लिंके की 29 वर्षीय सांसद कैथी गेबल विपक्ष की तरफ से पेश किए गए प्रस्तावों की आलोचना कर रही थीं. तभी दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) के सांसद मार्टिन राइखार्ट ने बीच में उन्हें टोक दिया.
राइखार्ट की इस टिप्पणी का जवाब देते हुए कैथी गेबल ने ऐसा तंज कसा कि पूरा सदन कुछ पल के लिए सन्न रह गया. उन्होंने कहा, "क्लिटोरिस में हजारों नर्व एंडिंग्स होती हैं, लेकिन आप उससे भी ज्यादा संवेदनशील निकले." उनके इतना कहते ही संसद में कई सांसद हंस पड़े, जबकि राइखार्ट कुछ देर तक चुप और असहज नजर आए. इसके बाद गेबल ने बिना रुके अपना भाषण जारी रखा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के भारत दौरे से क्या उम्मीदें? राष्ट्रपति के इन दो दोस्तों ने खोले रिश्तों के नए राज
हालांकि, यह घटना मार्च महीने की है, लेकिन हाल ही में कैथी गेबल ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोबारा शेयर किया. इसके बाद यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. हजारों लोगों ने उनकी हाजिरजवाबी की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या संसद जैसे गंभीर मंच पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित है.
वायरल होने के बाद क्या बोलीं कैथी गेबल
वायरल होने के बाद कैथी गेबल ने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने अपनी बात का एक वैज्ञानिक तथ्य सुधारा. उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने क्लिटोरिस में मौजूद नर्व एंडिंग्स की संख्या गलत बता दी थी. उन्होंने कहा कि वास्तविक संख्या 10 हजार से ज्यादा है और उन्होंने गलती से अलग आंकड़ा बोल दिया था. इसके साथ उन्होंने मेडिकल रिसर्च और वैज्ञानिक अध्ययनों के लिंक भी साझा किए.
यह भी पढ़ें: शोएब अख्तर के भाई के जनाजे में आए लश्कर आतंकी, पाकिस्तान का 'टेरर लव' फिर एक्सपोज
हालांकि उन्होंने अपने बयान के मूल संदेश पर कायम रहते हुए कहा कि उनका मकसद महिलाओं के अधिकारों को लेकर पेश किए गए प्रस्तावों की आलोचना करना था. उन्होंने कहा कि अगर कोई खराब प्रस्ताव लेकर आता है तो उसे आलोचना सुनने के लिए भी तैयार रहना चाहिए.
कौन हैं कैथी गेबल?
कैथी गेबल जर्मनी में महिलाओं के अधिकारों की मुखर आवाज मानी जाती हैं. मनोविज्ञान की पढ़ाई कर चुकी गेबल अपनी पार्टी की महिला नीति की प्रवक्ता हैं और लैंगिक समानता, महिलाओं की सुरक्षा और यौन हिंसा जैसे मुद्दों पर खुलकर बोलती रही हैं. इससे पहले भी वह यौन उत्पीड़न के मामलों में पीड़िता को दोष देने की मानसिकता के खिलाफ संसद में दिए गए अपने भाषण की वजह से चर्चा में रह चुकी हैं.