ब्रिटेन के गैटविक एयरपोर्ट पर रविवार को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली गुल हो गई. इसकी वजह से एयरपोर्ट पर पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई. पानी न होने की वजह से एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनलों पर शौचालय काम नहीं कर रहे थे और रेस्टोरेंट बंद करने पड़ गए थे.
जल आपूर्ति कंपनी 'SES वाटर' ने बताया कि उसके 'बाउ बीच वाटर ट्रीटमेंट वर्क्स' में बिजली गुल हो गई थी. इसके कारण पानी के दबाव में भारी कमी आई और केंट तथा ससेक्स काउंटियों के कुछ इलाकों के साथ-साथ एयरपोर्ट पर भी पानी की सप्लाई रुक गई.
कंपनी ने कहा कि सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने के कोशिश की जा रही है. वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट करते यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए माफी मांगी है.
वाटर प्लांट में पावर कट बनी वजह
एयरपोर्ट प्रशासन का दावा है कि प्रभावित यात्रियों को पानी की बोतलें बांटी जा रही हैं, लेकिन कई यात्रियों ने इस दावे को खारिज किया है. एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री पॉल ली ने बीबीसी को बताया कि उन्हें पानी बंद होने की कोई पहले से कोई सूचना नहीं मिली थी और न ही पानी की बोतलें बांटते हुए कोई दिखा.
यात्री पॉल ली ने कहा, 'जिन्हें शौचालय जाना है, उनके लिए ये स्थिति बिल्कुल अच्छी नहीं है. मेरी फ्लाइट जल्द ही टेकऑफ करने वाली है, इसलिए मेरे लिए ठीक है, लेकिन अगले कुछ घंटों में आने वाले यात्रियों के लिए स्थिति बहुत खराब होगी.'
यह भी पढ़ें: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पहले महीने में 61 हजार से ज्यादा यात्री, बढ़ती भीड़ से मिला बड़ा संकेत
वहीं, पूर्व ब्रिटिश सांसद माइकल डुगर ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि बार और रेस्टोरेंट बंद होने की वजह से और सीटों की कमी के कारण यात्री फर्श पर बैठने को मजबूर हैं. उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से अपील की कि वो बंद पड़े रेस्टोरेंट और बार को यात्रियों के बैठने के लिए खोल दें, ताकि लोगों को राहत मिल सके.