फीफा वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियां अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में तेज़ी से चल रही हैं. टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले 16 शहरों के बीच जारी प्रतिस्पर्धा में कनाडा के वैंकूवर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. प्रतिष्ठित खेल पत्रिका Sports Illustrated ने वैंकूवर को वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बेहतरीन मेजबान शहर करार दिया है.
पत्रिका ने हाल ही में अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के सभी 16 मेजबान शहरों की रैंकिंग जारी की. इसमें स्टेडियम, मैच शेड्यूल, लोकेशन, मौसम, सार्वजनिक परिवहन, पर्यटन सुविधाएं, पैदल घूमने की सुविधा और फैंस के अनुभव जैसे कई मानकों को आधार बनाया गया.
रैंकिंग में वैंकूवर को पहला स्थान मिला, जबकि उसका पड़ोसी अमेरिकी शहर सिएटल दूसरे नंबर पर रहा. कनाडा का ही टोरंटो तीसरे स्थान पर पहुंचा. इसके बाद मेक्सिको सिटी और अटलांटा ने शीर्ष पांच में जगह बनाई.
Sports Illustrated ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि वैंकूवर का बीसी प्लेस स्टेडियम शहर के केंद्र में स्थित है और यहां तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध है. रिपोर्ट के मुताबिक, कई अन्य मेजबान शहरों के विपरीत यहां आने वाले प्रशंसकों को कार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
वैंकूवर के मौसम को भी उसकी बड़ी ताकत बताया गया है. गर्मियों के दौरान यहां का तापमान अमेरिका और मेक्सिको के कई अन्य मेजबान शहरों की तुलना में अधिक आरामदायक रहता है. इसके अलावा शहर के समुद्र तट, पहाड़ और पर्यटन स्थल भी दुनियाभर से आने वाले फुटबॉल प्रशंसकों को आकर्षित करेंगे.
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर रैंकिंग साझा करते हुए कहा कि वैंकूवर को उत्तर अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ मेजबान शहरों में शीर्ष स्थान मिलना पूरे प्रांत के लिए गर्व की बात है.
गौरतलब है कि FIFA वर्ल्ड कप 2026 इतिहास का सबसे बड़ा विश्व कप होगा, जिसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया जाएगा और लाखों फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इन मेजबान शहरों पर टिकी होंगी.