सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एंड्रयू टेट और उनके भाई ट्रिस्टन टेट को अमेरिका के मियामी में अमेरिकी मार्शलों ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) द्वारा दोनों भाइयों के खिलाफ 38 नए आपराधिक आरोप तय किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई. इन आरोपों में रेप, मानव तस्करी, यौन शोषण के लिए तस्करी कराने, यौन उत्पीड़न और बाल अश्लील कंटेंट से जुड़े अपराध शामिल हैं.
CPS के मुताबिक, 39 वर्षीय एंड्रयू टेट पर यौन शोषण के लिए मानव तस्करी कराने के तीन नए आरोप, गंभीर मारपीट के तीन मामले और बच्चों की अश्लील तस्वीरों और एक्सट्रीम पोर्नोग्राफी से जुड़े 19 अतिरिक्त आरोप लगाए गए हैं. वहीं, 38 वर्षीय ट्रिस्टन टेट पर दो रेप, एक यौन उत्पीड़न और यौन शोषण के लिए मानव तस्करी कराने के तीन नए आरोप लगाए गए हैं.
यह भी पढ़ें: बॉर्डर पर पहुंची FIFA वर्ल्ड कप की आग! अर्जेंटीना बोला- हारने के बाद ब्रिटेन ने की सैन्य घुसपैठ
ब्रिटिश अभियोजन एजेंसी का कहना है कि ये नए मामले जुलाई 2010 से अगस्त 2017 के बीच कथित तौर पर हुई घटनाओं से जुड़े हैं और इनमें चार नई पीड़िताओं का जिक्र है. इससे पहले भी दोनों भाइयों पर तीन अन्य महिलाओं से जुड़े 21 मामलों में आरोप तय किए जा चुके हैं. अब कुल कथित पीड़िताओं की संख्या सात हो गई है.
एंड्रयू टेट पर पहले से ही रेप समेत कई मामले दर्ज
CPS के विशेष अपराध प्रभाग के प्रमुख मैल्कम मैकहैफी ने कहा कि बेडफोर्डशायर पुलिस की तरफ से मिले नए सबूतों की समीक्षा के बाद अतिरिक्त आरोपों को मंजूरी दी गई है. ब्रिटेन अब दोनों भाइयों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहा है, ताकि उन्हें इन सभी मामलों में अदालत के सामने पेश किया जा सके.
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन ने IRGC को बताया 'सुरक्षा के लिए खतरा', ईरान ने दी चेतावनी... होर्मुज पर टेंशन
एंड्रयू टेट पहले से ही रेप, मानव तस्करी, गंभीर मारपीट और वेश्यावृत्ति से लाभ कमाने जैसे 10 मामलों का सामना कर रहे हैं, जबकि ट्रिस्टन टेट पर भी रेप, मानव तस्करी और मारपीट सहित 11 आरोप लंबित हैं. हालांकि, दोनों भाइयों ने सभी आरोपों से इनकार किया है.
रोमानिया में भी दोनों भाइयों के खिलाफ मामले
ब्रिटेन के अलावा रोमानिया में भी दोनों के खिलाफ अलग आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं. वहां 2022 में गिरफ्तारी के बाद उन पर रेप, मानव तस्करी और संगठित अपराधी गिरोह चलाने के आरोप लगाए गए थे. उन मामलों में भी दोनों खुद को निर्दोष बताते रहे हैं. अब मियामी में गिरफ्तारी और ब्रिटेन के नए आरोपों के बाद दोनों भाइयों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं.