डेमोक्रेटिक जो बाइडेट और रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप के बीच राष्ट्रपति पद के लिए पहला डिबेट होने जा रहा है. यह डिबेट आज सुबह 6:30 बजे होगा. (भारतीय समयानुसार). 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले यह डिबेट होने जा रहा है. CNN द्वारा आयोजित 90 मिनट के डिबेट में बोलने की सख्त सीमा लागू की जाएगी. इस दौरान नोट्स पर प्रतिबंध रहेगा और कोई प्रतिक्रिया न हो, इसलिए मौके पर दर्शक भी नहीं रहेंगे.
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन के पास अमेरिकियों को यह दिखाने का मौका है कि 81 साल की उम्र में भी वे अगले चार साल के लिए उनका प्रतिनिधित्व कर सकते हैं. वहीं अजीबोगरीब बयान देने और अक्सर चुनाव प्रचार के दौरान अपने वाक्यों को तोड़-मरोड़ कर बोलने के लिए चर्चित डोनाल्ड ट्रंप के पास भी मतदाताओं को यह समझाने का मौका है कि उन्हें चार साल के अंतराल के बाद फिर से क्यों चुना जाना चाहिए.
पढ़ें, बाइडेन-ट्रंप के राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले डिबेट से जुड़ी पांच बातें-
1. CNN के जेक टैपर और डाना बैश इस डिबेट का संचालन करेंगे, जिससे एक संरचित और सभ्य चर्चा सुनिश्चित होगी. डिबेट CNN के अटलांटा स्टूडियो में बिना किसी लाइव ऑडियंस के आयोजित किया जाएगा ताकि आवंटित समय का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल मुद्दे रखने पर किया जा सके. प्रत्येक उम्मीदवार का माइक्रोफोन म्यूट कर दिया जाएगा, सिवाय इसके कि जब उनकी बोलने की बारी आए.
2. डिबेट 90 मिनट तक चलेगा, जिसमें दो विज्ञापन ब्रेक भी शामिल हैं. इस दौरान प्रचार कर्मचारी उम्मीदवारों से बातचीत नहीं कर सकते. उम्मीदवार शुरुआती बयान नहीं देंगे और उन्हें सवालों के जवाब देने के लिए दो मिनट, खंडन के लिए एक मिनट मिलेगा. वहीं इस दौरान एक रेड लाइट से पता चलेगा कि उनका समय कब खत्म होने वाला है.
3. सीएनएन ने विशिष्ट विषयों का खुलासा नहीं किया है. सीमा सुरक्षा, आव्रजन, गर्भपात अधिकार, ट्रंप से जुड़े विवाद, हंटर बाइडेन की कानूनी परेशानियां, अर्थव्यवस्था और उम्मीदवारों की उम्र और स्वास्थ्य के बारे में चिंताओं जैसे मुद्दों पर बाइडेन-ट्रंप के बीच पहला डिबेट होने की उम्मीद है.
4. दर्शक CNN पर पहली अमेरिकी राष्ट्रपति बहस देख सकते हैं. साथ ही CBS जैसे अन्य नेटवर्क भी इसका प्रसारण कर रहे हैं. वहीं जिनके पास केबल नहीं है, उनके लिए इसे CNN.com और CBS News 24/7 पर ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा.
5. बाइडेन और ट्रंप के बीच अगला डिबेट 10 सितंबर को होना है, और इसे एबीसी न्यूज द्वारा होस्ट किया जाएगा. इसके अलावा, 23 जुलाई या 13 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद का डिबेट हो सकता है. सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार बाइडेन की टीम ने पहले ही सीबीएस न्यूज के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है.