बिहार के दरभंगा में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि सकतपुर थाना में तैनात ASI को गश्त के दौरान गोली मार दी गई. फायरिंग में रणधीर कुमार के पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है. घायल पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर है.
दरअसल, घटना उस वक्त हुई, जब सकतपुर थाना की पुलिस टीम नियमित गश्त पर निकली थी. इस दल में ASI रणधीर कुमार के अलावा चार से पांच अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे. पुलिस की गश्ती जीप इलाके में एक गाछी के पास रुकी थी. वाहन से उतरकर पुलिसकर्मी सड़क पर आए ही थे कि गाछी की तरफ से अचानक गोली चल गई.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में जब दिल मिले! हारे प्रत्याशी ने जीते उम्मीदवार को लगाया गले
फायरिंग में गोली सीधे रणधीर कुमार के पैर में लगी. अचानक हुई इस घटना से बाकी पुलिसकर्मी भी कुछ समझ नहीं पाए. उन्हें शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली किस दिशा से और किसने चलाई. इसके बाद घायल ASI को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
गाछी से हुई फायरिंग, मौके पर पहुंचे SSP
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हमलावर की पहचान और गोली चलाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
SSP जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ASI रणधीर कुमार सिपाहियों के साथ नियमित गश्त पर निकले थे. गश्ती वाहन एक गाछी के पास रुका था और पुलिसकर्मी सड़क पर उतरे ही थे, तभी वहां से गोली चली, जो रणधीर कुमार के घुटने के नीचे लगी. उनका DMCH में इलाज कराया जा रहा है.
रूटीन गश्त पर थी पुलिस, छापेमारी के लिए नहीं गई थी टीम
SSP ने स्पष्ट किया कि पुलिस टीम किसी सूचना पर छापेमारी करने नहीं गई थी, बल्कि नियमित गश्त पर निकली थी. उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि गोली किस दिशा से चली, किसने फायरिंग की और घटना के पीछे क्या कारण है.
फिलहाल, पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है. घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, गाछी की ओर से अचानक हुई फायरिंग में ASI घायल हुए हैं. हमलावर कौन था और उसने पुलिस टीम को निशाना क्यों बनाया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.