अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के नाम संबोधन में ईरान का जिक्र करते हुए बड़ा संकेत दिया. उन्होंने दावा किया कि ईरान को लेकर अमेरिका की रणनीति सफल हो रही है और दुनिया को जल्द ही इसके नतीजे देखने को मिलेंगे. हालांकि, ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि वह किस सैन्य, कूटनीतिक या रणनीतिक कार्रवाई की ओर इशारा कर रहे हैं.
अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपनी सेना पर रिकॉर्ड निवेश कर रहा है और आज उसके पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सैन्य ताकत है. उन्होंने कहा कि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने अमेरिकी सेना को मजबूत बनाया था और अब उसी क्षमता का इस्तेमाल किया जा रहा है. ट्रंप ने कहा, "हम ईरान में बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं और बहुत जल्द हमारी मेहनत का फल दुनिया के सामने होगा."
यह भी पढ़ें: Trump Address: 'चीन ने चुराया 22 करोड़ अमेरिकी वोटरों का डेटा', ट्रंप ने FBI-CIA पर भी उठाए सवाल
ट्रंप ने अपने भाषण में यह भी दावा किया कि वेनेजुएला में अमेरिका को बड़ी सफलता मिली है और अब वहां की सरकार अमेरिका के साथ मिलकर लाखों बैरल तेल के उत्पादन में सहयोग कर रही है.
इसके तुरंत बाद उन्होंने ईरान का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी अमेरिका की रणनीति सही दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इसके परिणाम दिखाई देंगे. हालांकि, उन्होंने ईरान को लेकर किसी नए सैन्य अभियान, प्रतिबंध, वार्ता या अन्य कदम की घोषणा नहीं की.
संबोधन के दौरान ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा और अमेरिकी सैन्य ताकत को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनाया. उन्होंने कहा कि अमेरिका की सैन्य क्षमता किसी भी अन्य देश से कहीं अधिक मजबूत है और उनकी सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाती रहेगी.
यह भी पढ़ें: ताबूत में ट्रंप... ईरान की अमेरिका को चेतावनी, तेहरान में लगे विशालकाय बिलबोर्ड
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के खिलाफ अमेरिका ने नई जंग छेड़ दी है. ईरान के द्वीप शहरों पर लगातार बमबारी की जा रही है. हालांकि, अपने संबोधन में उन्होंने किसी नई कार्रवाई का जिक्र नहीं किया, लेकिन "बहुत जल्द नतीजे दिखने" वाले बयान ने ईरान को लेकर आगे होने वाले संभावित घटना को लेकर अटकलों को जरूर तेज कर दिया है.