scorecardresearch
 

अमेरिका में प्लेन हाईजैक की कोशिश? उड़ान के बीच कॉकपिट में घुसने दौड़ा यात्री, अरेस्ट

अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस की एक उड़ान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने कथित तौर पर कई बार कॉकपिट में घुसने की कोशिश की. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि विमान से हाईजैकिंग से जुड़ा इमरजेंसी सिग्नल भी भेजा गया.

Advertisement
X
यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में एक शख्स को अरेस्ट किया गया. (File Photo)
यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में एक शख्स को अरेस्ट किया गया. (File Photo)

अमेरिका में एक यात्री विमान के अंदर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक शख्स ने कथित तौर पर कॉकपिट में घुसने की कोशिश की. घटना यूनाइटेड एयरलाइंस की उस फ्लाइट में हुई जो शिकागो से मिनियापोलिस जा रही थी. सुरक्षा चिंता के चलते विमान को बीच रास्ते में ही विस्कॉन्सिन के मैडिसन एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा.

रिपोर्ट के मुताबिक, बोइंग 737 विमान शुक्रवार रात शिकागो के ओ'हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था. विमान में 147 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे. उड़ान के दौरान एक यात्री के व्यवहार ने क्रू मेंबर्स और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी.

यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में अगले कुछ हफ्तों में हो सकते हस्ताक्षर

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग के मुताबिक, विमान के पायलट ने कंट्रोल रूम को बताया कि विमान में मौजूद कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने एक "उपद्रवी यात्री" को हिरासत में ले लिया है. बाद में विमान को मैडिसन स्थित डेन काउंटी रीजनल एयरपोर्ट पर उतारा गया, जहां स्थानीय पुलिस और संघीय एजेंसियों की टीम पहले से मौजूद थी.

इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड "7500" करना पड़ा एक्टिव

मामले को और गंभीर तब माना गया जब फ्लाइट क्रू ने इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड "7500" सक्रिय किया. विमानन जगत में यह कोड आमतौर पर संभावित हाईजैकिंग या विमान में गैरकानूनी दखल की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है.

Advertisement

घटना के बाद सामने आई एयर ट्रैफिक कंट्रोल की एक ऑडियो क्लिप में एक क्रू सदस्य को यह कहते सुना गया कि संदिग्ध यात्री ने कई बार कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश की थी. क्रू सदस्य ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उसे हथकड़ी लगाई गई थी, लेकिन कई कोशिशों के बाद आखिरकार उसे काबू में कर लिया गया. वह बार-बार कॉकपिट में घुसने की कोशिश कर रहा था."

यह भी पढ़ें: अमेरिका के खजाने से गोल्ड चुरा रहा था CIA एंजेट? घर पर मिलीं 370 करोड़ की सोने की ईंटें

विमान ने पूरी की आगे की यात्रा

घटना की सूचना मिलते ही एफबीआई और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां सक्रिय हो गईं. एफबीआई के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि विमान के डायवर्ट होने के बाद एजेंसी की टीम और स्थानीय अधिकारी एयरपोर्ट पहुंचे. यात्री को हिरासत में लेने के बाद विमान को आगे की यात्रा के लिए मंजूरी दे दी गई.

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है. संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद विमान ने अपनी यात्रा फिर शुरू की और शनिवार सुबह सुरक्षित रूप से मिनियापोलिस पहुंच गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement