scorecardresearch
 

बंगाल में गांधी की मूर्ति के चेहरे पर बांधा काला कपड़ा, प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का विवाद

पश्चिम बंगाल में महात्मा गांधी की मूर्ति के चेहरे पर काला कपड़ा बांधे जाने का मामला सामने आया है. लोगों ने प्रतिमा को इस हालत में देखा तो विवाद बढ़ गया. कांग्रेस ने इसे गांधीजी के आदर्शों और विचारों पर हमला बताया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
X
कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई की मांग की, CCTV से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस. (Photo: ITG)
कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई की मांग की, CCTV से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस. (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के कटवा में महात्मा गांधी की मूर्ति को काले कपड़े से बांधे जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह गांधीजी की मूर्ति का चेहरा काले कपड़े से बंधा हुआ मिला. इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हलचल मच गई. कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गुस्सा देखने को मिला.

इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब CCTV फुटेज की मदद से इस घटना को अंजाम देने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने इसकी निंदा की है.

शुभंकर सरकार ने कहा, "कटवा में मोहनदास करमचंद गांधी की मूर्ति के चेहरे पर काला कपड़ा बांध दिया गया है. यह किसने किया होगा? जरूर यह कुछ बदमाशों का काम होगा." उन्होंने सवाल उठाया कि अचानक गांधीजी की मूर्ति को निशाना बनाने की जरूरत क्यों पड़ी. उन्होंने बड़ी साजिश की आशंका जताई है.

'गांधीजी के आदर्शों को नहीं दबा सकते'

कांग्रेस नेता ने कहा कि गांधीजी की मूर्ति को खराब करके या उनके चेहरे पर काला कपड़ा बांधकर उनके आदर्शों, सिद्धांतों और दिखाए गए रास्ते को दबाया या बदला नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भारत के सभी लोगों के लिए मार्गदर्शक हैं. देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में उनका सम्मान है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी एक महान शख्सियत हैं, जिन्होंने लोगों को डर से आजादी का संदेश दिया. गांधीजी का संदेश आज भी प्रासंगिक है. उन्होंने राहुल गांधी के "डरो मत, डराओ मत" वाले संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि गांधीजी मानते थे कि जो लोग डरते हैं, वही झूठ, जुल्म, अन्याय का सहारा लेते हैं.

'आप कितनी मूर्तियों पर कपड़ा बांधेंगे?'

उन्होंने कहा कि यदि किसी ने गांधीजी की मूर्ति का चेहरा ढकने की कोशिश की है तो असल में उन्होंने अपना चेहरा ढका है. उन्होंने कहा कि यह काला दाग उन लोगों पर रहेगा जिन्होंने ऐसा किया. कांग्रेस नेता ने कहा, "आप गांधीजी की कितनी मूर्तियों पर काला कपड़ा बांधेंगे? आप कितनी मूर्तियां तोड़ेंगे? थक जाएंगे."

शुभंकर सरकार ने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी बंगाल, भारत और पूरी दुनिया के लोगों के दिलों में बसते हैं. उन्होंने गांधीजी के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि गांधीजी ने कभी यह मांग नहीं की कि लोग सिर्फ वही करें जो वह कहते हैं, बल्कि उन्होंने अपने आचरण से रास्ता दिखाया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement