scorecardresearch
 

'ममता बनर्जी के इशारे पर बदला गया विसरा सैंपल', आरजी कर पीड़िता के पिता का आरोप

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और हत्या मामले में पीड़िता के पिता ने अदालत में नई याचिका दायर की है. इसमें दावा किया गया है कि उनकी बेटी के विसरा सैंपल से छेड़छाड़ की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब ममता बनर्जी और टीएमसी के इशारे पर हुआ.

Advertisement
X
पीड़िता के पिता द्वारा लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है (ITG Photo- ITG)
पीड़िता के पिता द्वारा लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है (ITG Photo- ITG)

कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और हत्या मामले में एक नया दावा किया गया है. पीड़िता के पिता ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए विसरा सैंपल से कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के इशारे पर किया गया.

कोर्ट में सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पीड़ित पिता ने बताया कि इस वर्ष मई में उनके परिवार को CFSL की ओर से स्पीड पोस्ट के जरिए एक पत्र मिला था. यह पत्र उन्होंने तत्काल सीबीआई को सौंप दिया था. उस समय मामले की जांच अधिकारी सीमा पाहुजा थीं, लेकिन उनके अनुसार इस संबंध में कोई जांच नहीं की गई.

उन्होंने दावा किया कि करीब सात दिन बाद उन्हें CFSL की ओर से एक और पत्र मिला, जिसमें कथित तौर पर बताया गया कि पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए सैंपल से छेड़छाड़ हुई थी.

पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया, 'पत्र में कहा गया है कि मेरी बेटी का जो सैंपल CFSL ने पोस्टमार्टम के बाद लिया था, उसके साथ छेड़छाड़ की गई. यह तब की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी के इशारे पर किया गया. CFSL के कुछ कर्मचारियों ने उनके निर्देश पर यह काम किया. यह पूरी तरह सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.'

Advertisement

उन्होंने कहा कि जब सीबीआई की ओर से इस मुद्दे पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब परिवार ने अदालत का रुख किया. इस मामले में अदालत में सुनवाई पूरी हो चुकी है और अब फैसले का इंतजार है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने CFSL के किसी कर्मचारी के खिलाफ व्यक्तिगत शिकायत दर्ज नहीं कराई है. उनके मुताबिक, उन्होंने केवल अदालत से इस पूरे मामले की जांच कराने की अपील की है. संबंधित लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं और यह निर्णय अदालत पर छोड़ा गया है.

हालांकि, पीड़िता के पिता द्वारा लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इस संबंध में न तो ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस, CFSL और न ही सीबीआई की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. मामले में अदालत के फैसले और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

(रिपोर्ट- दीपक देबनाथ)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement