पश्चिम बंगाल के बरुईपुर रेप-मर्डर केस में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पत्नी ने बड़ा बयान दिया है. चंपा मंडल ने कहा कि वो यह नहीं कह सकती कि उसका पति बेगुनाह था या नहीं. उसने दावा किया कि शादी के बाद से ही उसका पति शोषण करता था. उसका कहना है कि जब इस केस में प्रभास का नाम आया, तब उसे लगा कि वह ऐसा कर सकता है.
बुधवार को अपने पति की मौत के बाद चंपा ने बताया कि प्रभास का कोई रेगुलर काम नहीं था. वह ज्यादातर समय घर पर ही रहता था. उसने कहा, "मैं यह नहीं कह सकती कि उसने यह जुर्म किया है या नहीं. हमारी शादी के बाद मैंने उसका बर्ताव देखा. उसके साथ रहते हुए मैंने बहुत शोषण सहा है. जब उसका नाम केस में सामने आया, तो मुझे लगा कि वह ऐसा कुछ कर सकता है."
प्रभास मंडल इस मामले में गिरफ्तार होने वाला पहला आरोपी था. पुलिस जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में वो नाबालिग लड़की के लापता होने से कुछ समय पहले उसके साथ दिखाई दिया था. इसी आधार पर उसे इस केस का मुख्य संदिग्ध माना गया. जांच के तहत क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट करने के लिए प्रभास मंडल को मंगलवार देर रात घटनास्थल पर ले जाया गया.
पुलिस का दावा है कि दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर के सुरज्यापुर इलाके में मौके पर पहुंचने के बाद प्रभास ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली. इसके बाद उसने सुरक्षा कर्मियों पर एक राउंड फायर किया. वहां से भागने की कोशिश करने लगा. हालात को देखते हुए पुलिस ने सेल्फ-डिफेंस में जवाबी फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान प्रभास मंडल को गोली लगी.
उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ये मामला 4 जुलाई को सामने आया था, जब नाबालिग लड़की लापता हो गई थी. अगले दिन 5 जुलाई को उसकी बॉडी सुरज्यापुर हाट इलाके में एक बोरे में भरी हुई मिली. इस घटना सामने आते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. शक के आधार एक व्यक्ति को पकड़ लिया.
इसके बाद पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. अब मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की एनकाउंटर में मौत और उसकी पत्नी चंपा मंडल के बयान ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है, जबकि मामले को लेकर इलाके में अभी भी संवेदनशील स्थिति बनी हुई है.