कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढहने के मामले में जांच के बीच एक नया खुलासा सामने आया है. इंडिया टुडे को मिली कुछ तस्वीरों में हादसे में जान गंवाने वाले कॉन्ट्रैक्टर असगर हुसैन को तृणमूल कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व मेयर फरहाद हकीम के साथ कई राजनीतिक और निजी कार्यक्रमों में देखा गया है.
इन तस्वीरों से पता चलता है कि वे वक्त-वक्त पर कई सियासी और निजी कार्यक्रमों में साथ दिखे हैं. इससे उनके बीच एक ऐसे संबंध का पता चलता है, जिसके बारे में पहले जानकारी नहीं थी, लेकिन इस जानलेवा हादसे के बाद अब इस पर ध्यान जा रहा है. हुसैन उस गोदाम के निर्माण कार्य से जुड़े थे, जो बुधवार को कोलकाता के तारातला इलाके में गिर गई थी और हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई.
यह जानकारी ऐसे वक्त में सामने आई है, जब अधिकारी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी निर्माण मंजूरियों, देखरेख और नियमों के पालन में हुई संभावित खामियों की जांच कर रहे हैं.
हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बुधवार को तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम के ढहने से 8 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए. इसके बाद सेना, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), पुलिस और फायर सर्विस की मदद से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया.
निर्माण कार्य के दौरान लोहे के भारी बीम और कंक्रीट के स्लैब नीचे गिर गए, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 25 मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पतालों में पहुंचाया. 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 20 लोगों का इलाज चल रहा है. घायलों में से 18 की हालत स्थिर है और दो की हालत गंभीर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: कोलकाता में गिरा अंडरकंस्ट्रक्शन गोडाउन, मलबे में जिंदगी की तलाश जारी
अधिकारियों ने बताया कि जब ढांचा गिरा, तो उस वक्त संभावना है कि अंदर 40 से 50 मजदूरों के काम कर रहे थे. हालांकि, सही संख्या की अभी पुष्टि की जा रही है.
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें प्रोजेक्ट सुपरवाइजर, लोहे का ढांचा बनाने वाला, जमीन पट्टे पर लेने वाला, मजदूरों का सप्लायर और सरकारी मंजूरी दिलाने से जुड़ा कथित ब्रोकर शामिल हैं. इनकी पहचान गुलजार हुसैन, कमल सामंतो, शंभूनाथ बेहरा, दिवाकर भंडारी और अब्दुल हामिद के तौर पर हुई है.
तस्वीरों या कथित जुड़ाव के बारे में अब तक फरहाद हकीम या तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.