लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई सनसनीखेज हर्ष फायरिंग मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी और राजधानी की मशहूर 'शर्मा टी स्टॉल' के मालिक के बेटे गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. वहीं, इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कनकहा चौकी इंचार्ज को भी निलंबित कर दिया गया है.
डीसीपी साउथ के मुताबिक, सीतापुर निवासी जितेंद्र सिंह ने मोहनलालगंज थाने में तहरीर दी थी कि 19 जुलाई की रात मदाखेड़ा स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में एक पार्टी का आयोजन किया गया था. रिंकू तिवारी उर्फ आशीष तिवारी के माध्यम से आयोजित इस पार्टी में जमकर जश्न चल रहा था. इसी दौरान पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने खुलेआम ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की, जिससे वहां मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ गई. विरोध करने पर रिजॉर्ट के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई.
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि आरोपी गौरव शर्मा हजरतगंज के प्रसिद्ध 'शर्मा चाय' दुकान के संचालक का बेटा है. वह अपने 35-40 दोस्तों के साथ स्पैरो रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचा था. डीजे की धुन पर नशे में धुत गौरव ने पिस्टल निकालकर चार राउंड गोलियां चलाईं. कर्मचारियों के विरोध करने पर उसके साथियों ने मारपीट की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने गौरव समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी 31 वर्षीय गौरव शर्मा कैसरबाग निवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. इस बीच, एसीपी मोहनलालगंज की जांच में कनकहा चौकी इंचार्ज व उपनिरीक्षक निमेश दुबे की ओर से विवेचना में लापरवाही बरते जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद उच्च अधिकारियों ने सख्त कदम उठाते हुए उपनिरीक्षक निमेश दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
फिलहाल, पुलिस दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.