scorecardresearch
 

चुनाव की गर्मी के बाद बंगाल में अब आंधी-बारिश का सितम, पूरे राज्य में IMD का अलर्ट

West Bengal Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे पश्चिम बंगाल में अगले एक हफ्ते तक आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. 3 मई तक बंगाल में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.

Advertisement
X
बंगाल चुनाव  में 3 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो- PTI)
बंगाल चुनाव में 3 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो- PTI)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के साथ चुनावी गर्मी थमते ही मौसम ने भी करवट ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे राज्य में अगले कई दिनों तक तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. 

बंगाल चुनाव के आखिरी चरण के मतदान वाले दिन बुधवार को मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि बंगाल की खाड़ी से मजबूत नमी वाली हवाएं आ रही हैं. हवा का अनुकूल पैटर्न बन रहा है. इसी वजह से राज्य भर में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

बंगाल के किन इलाकों में होगी भारी बारिश?
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी बर्धमान, बांकुरा, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में तेज आंधी चलेगी. इस दौरान हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. इसके साथ ही बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना है. 3 मई तक मौसम में बदलाव का यही सिलसिला जारी रह सकता है.

उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों की बात करें तो दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. 3 मई तक इन इलाकों में लगातार बारिश का अनुमान है.

Advertisement

बता दें कि पिछले 24 घंटों में सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश (21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा) दर्ज की गई है. त्रिपुरा में भी कई जगहों पर भारी बारिश हुई है.

गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट
पिछले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल के कई पश्चिमी जिलों जैसे पुरुलिया, बांकुरा, पश्चिम बर्धमान और पश्चिम मेदिनीपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. अब आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम ठंडा और सुहावना हो जाएगा.

मछुआरों के लिए चेतावनी
IMD ने पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों में 2 मई तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है. तेज हवाओं और खराब मौसम की वजह से समुद्र में लहरें ऊंची उठ सकती हैं. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण और नमी के कारण यह स्थिति बनी हुई है. अगले कुछ दिनों में राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement