वाराणसी में नीट की तैयारी कर रही और एमएससी (Msc) की पढ़ाई कर रही छात्रा की नृशंस हत्या के मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने वारदात की भयानक सच्चाई उजागर की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आधिकारिक तौर पर पुष्टि हुई है कि छात्रा की हत्या गला रेतकर की गई थी. साथ ही उसके सिर पर भारी प्रहार किया गया था और पैर बांध दिए गए थे. रिपोर्ट में दुष्कर्म (रेप) की भी आशंका जताई गई है. जिसकी वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डॉक्टरों की टीम ने फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेज दिए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इस अहम खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या और संभावित यौन उत्पीड़न की धाराओं के तहत जांच तेज कर दी है. मुख्य आरोपी विवेक चौबे की धरपकड़ के लिए गठित 4 टीमें चुनार, नियारडीह और चोलापुर समेत 8 ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. जबकि 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
शादी तय होने से बौखलाए आरोपी ने रची थी साजिश
मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी विवेक चौबे छात्रा को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था. उसने शादी की ड्रेस में छात्रा की फोटो खिंचवाकर उसे एडिट किया और धमकी दी कि यदि वह कहीं और शादी करेगी तो फोटो वायरल कर देगा. जब परिजनों ने छात्रा का रिश्ता किसी अन्य जगह तय कर दिया, जिसकी शादी 22 फरवरी को होनी थी, तो आरोपी बौखला गया. 18 अगस्त को आरोपी ने छात्रा को नीट की तैयारी और मदद का भरोसा देकर अपने किराए के कमरे पर बुलाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
परिजनों को जब अनहोनी की आशंका हुई तो पुलिस सर्विलांस के जरिए बच्छाव स्थित किराए के कमरे पर पहुंचे. कमरा खोलने पर छात्रा की लाश बाथरूम में पड़ी मिली. जिसका गला रेता हुआ था और पैर बंधे थे. जिस मकान में यह जघन्य वारदात हुई, उसके मुख्य दरवाजे के ऊपर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला. जिससे पुलिस को अंदेशा है कि साक्ष्य मिटाने या पहचान छिपाने की नीयत से ऐसा किया गया था. पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है. उधर मिर्जापुर के अदलपुरा (चितेश्वर नाथ श्मशान घाट) में मृतका के पिता ने नम आंखों से बेटी को मुखाग्नि दी.
राजनीतिक महत्वाकांक्षा और पारिवारिक विवाद भी आया सामने
जांच में सामने आया है कि आरोपी विवेक चौबे पिछले 3 साल से अपने मामा के घर रह रहा था. वह अपने गांव नियारडीह में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. जिसको लेकर उसके अपने चाचा अनिल चौबे के साथ पारिवारिक रंजिश चल रही थी. ADCP गोमती नीतू काद्यान का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाएगी.