scorecardresearch
 

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बड़ा दावा: यूपी ने रच दिया इतिहास, बिजली सप्लाई में पूरे देश में नंबर वन बना राज्य

उत्तर प्रदेश ने बिजली सप्लाई के मामले में एक नया इतिहास रच दिया है. ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के मुताबिक, राज्य में पीक डिमांड 31,804 मेगावाट तक पहुंच गई है, जो देश में सबसे ज्यादा है. उन्होंने इसे राज्य और देश दोनों के इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बताया है.

Advertisement
X
यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के अफसरों को चेतावनी दी. (File Photo)
यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के अफसरों को चेतावनी दी. (File Photo)

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को राज्य में अब तक की सबसे ज्यादा बिजली सप्लाई दर्ज किए जाने की घोषणा की. बिजली विभाग ने यह रिकॉर्डतोड़ सप्लाई रविवार रात 10:39 बजे पीक डिमांड के दौरान 31,804 मेगावाट तक पहुंचाकर हासिल की. ऊर्जा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कई पोस्ट शेयर करके इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने दिन-रात लगातार मेहनत करके इस पूरी व्यवस्था को संभाला है. यह पूरे देश के इतिहास में किसी भी राज्य द्वारा की गई सबसे बड़ी बिजली सप्लाई है.

खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ आगे निकल रहा है प्रदेश

कल और आज सोशल मीडिया पर किए गए दावों के मुताबिक, यूपी बिजली सप्लाई के मामले में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. ऊर्जा मंत्री शर्मा ने बताया कि सोमवार को रात 10:01 बजे पहले 31,774 मेगावाट की पीक सप्लाई दर्ज की गई थी, जिसने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए.

इसके ठीक बाद, रात 10:39 बजे यह आंकड़ा और आगे बढ़कर 31,804 मेगावाट तक पहुंच गया. रविवार को भी सुबह 2:33 बजे राज्य ने 31,000 मेगावाट की पीक सप्लाई का आंकड़ा पार किया था. उन्होंने कहा कि यूपी की असली टक्कर अब सिर्फ खुद से ही है.

गांवों और शहरों में इतने घंटे मिल रही है निर्बाध बिजली

बिजली आपूर्ति के इस ऐतिहासिक स्तर के बीच ऊर्जा मंत्री ने राज्य के उपभोक्ताओं को मिल रही बिजली के घंटों का ब्योरा भी साझा किया. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में शहरी इलाकों में बिना किसी कटौती या रुकावट के पूरे 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है. वहीं, अगर ग्रामीण इलाकों की बात करें, तो वहां भी स्थिति काफी बेहतर है और रोजाना लगभग 22 से 22.5 घंटे तक बिजली मिल रही है. देश के किसी अन्य राज्य ने बिजली सप्लाई का ऐसा स्तर आज तक हासिल नहीं किया है.

Advertisement

मंत्री ने की जनता से सहयोग की अपील

स्थानीय स्तर पर आने वाली दिक्कतों को लेकर मंत्री ने बिजली विभाग के जमीनी कामों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारी दिन-रात मुस्तैदी से काम कर रहे हैं ताकि तकनीकी, प्राकृतिक या मानवीय वजहों से होने वाले फॉल्ट या रुकावटों को तुरंत ठीक किया जा सके, शर्मा ने जनता से अपील की है कि वे संकट के समय थोड़ा सब्र रखें, सहयोग करें और इन कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की सराहना करें, पूरी टीम राज्य में लगातार सप्लाई बनाए रखने के काम में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement