उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में भाग लिया. उन्होंने विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडल विजेताओं को बधाई दी और छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया.
दीक्षांत समारोह के आंकड़ों में यह बात सामने आई कि छात्राएं गोल्ड मेडल जीतने के मामले में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं, जबकि छात्र शोध क्षेत्र तक सीमित हैं. इस अंतर को देखकर राज्यपाल ने छात्रों से छात्राओं की लगन से प्रेरणा लेने और अधिक मेहनत करने की अपील की ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
बेटियों के समर्पण से प्रेरणा लेने की सलाह
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि बेटियां अपने भविष्य को लेकर काफी सजग हैं और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नया मुकाम हासिल कर रही हैं. उन्होंने मेडल जीतने वाली छात्राओं की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार, समाज, विश्वविद्यालय और पूरे देश का मान बढ़ाया है. इसके साथ ही उन्होंने लड़कों से बेटियों के समर्पण से सीख लेने का आह्वान किया.
चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण के केंद्र
समारोह के दौरान आनंदीबेन पटेल ने जोर देकर कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाली जगह नहीं हैं. यह ऐसी संस्थाएं हैं जो युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण में बेहद अहम और महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र आने वाले समय में हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश की प्रगति में योगदान देंगे.