scorecardresearch
 

हंसराज के घर बजा ढोल, भूपेंद्र ने चढ़ाया प्रसाद... योगी कैबिनेट में शपथ को लेकर क्या बोले संभावित मंत्री?

योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले संभावित मंत्रियों के बयान सामने आए हैं. वाराणसी के MLC हंसराज विश्वकर्मा ने खुद शपथ लेने की पुष्टि जैसे संकेत दिए, तो कृष्णा पासवान ने पीएम मोदी और सीएम योगी का आभार जताया. वहीं कैलाश राजपूत ने उन नेताओं के नाम भी गिना दिए, जो उनके साथ मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. उधर भूपेंद्र चौधरी मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लेते नजर आए.

Advertisement
X
हंसराज विश्वकर्मा के घर के बाहर बजे ढोल-नगाड़े. (Photo: Screengrab)
हंसराज विश्वकर्मा के घर के बाहर बजे ढोल-नगाड़े. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सियासी हलचल तेज है. जिन नेताओं के नाम संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल हैं, आजतक ने उनसे बातचीत की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद कई नेताओं ने शपथ ग्रहण को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. इनमें हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत और भूपेंद्र चौधरी शामिल हैं.

वाराणसी से बीजेपी एमएलसी और जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने आजतक से बातचीत में कहा कि उनके साथ पांच और लोग भी शपथ लेने जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान उन्हें इसकी जानकारी मिली. हंसराज विश्वकर्मा के सरकारी आवास के बाहर ढोल नगाड़े बज रहे हैं. उनके मंत्री बनने को लेकर होने वाले शपथ ग्रहण का जश्न मनाया जा रहा है. हंसराज विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर भी निशाना साधा.

up cabinet expansion hansraj vishwakarma krishna paswan kailash rajput bhoopendra chaudhary reaction

यह भी पढ़ें: ब्राह्मण, OBC और दलित समीकरण.. कौन हैं वो 6 नए चेहरे, जो आज योगी कैबिनेट में होंगे शामिल

हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि बीजेपी जाति की राजनीति नहीं करती और पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है. उन्होंने दावा किया कि 2024 में विपक्ष ने भ्रम फैलाकर कुछ सीटें हासिल कर लीं, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है. हंसराज ने कहा कि समय भले कम मिले, लेकिन जितना भी मौका मिलेगा, पूरी ताकत से काम करेंगे.

Advertisement

कृष्णा पासवान बोलीं- यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं की देन

कृष्णा पासवान फतेहपुर की खागा सुरक्षित सीट से चौथी बार विधायक हैं और पासी समाज के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि मैं सीएम योगी सहित संगठन के एक-एक कार्यकर्ता को बहुत बधाई देती हूं. पीएम मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष सहित बूथ और अध्यक्ष सभी को बधाई देती हूं, यह सब उन्हीं की देन है.

up cabinet expansion hansraj vishwakarma krishna paswan kailash rajput bhoopendra chaudhary reaction

भाजपा में बूथ अध्यक्ष से लेकर फतेहपुर की जिलाध्यक्ष, कानपुर क्षेत्र की संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष और अनुसूचित मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री भी रही हैं. दो बार जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं. महिला सशक्तीकरण के चेहरे के रूप में उनको मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है. सूत्रों के मुताबिक, कृष्णा पासवान की भी कल शाम सीएम योगी से मुलाकात हुई है.

कैलाश राजपूत बोले- मुख्यमंत्री ने बुलाकर दी जानकारी

कन्नौज जिले की तिर्वा सीट से चार बार विधायक कैलाश राजपूत ने भी लगभग साफ कर दिया कि उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने जा रही है. आजतक से बातचीत करते हुए कैलाश राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बुलाकर कहा कि कल शपथ लेनी है. हमारे अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, मनोज पांडे, और सुरेंद्र दिलेर शामिल हैं.

Advertisement

up cabinet expansion hansraj vishwakarma krishna paswan kailash rajput bhoopendra chaudhary reaction

कैलाश राजपूत ने कहा कि कन्नौज कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ था, मगर अब गढ़ नहीं रहा. तिर्वा विधानसभा राजपूत बहुल विधानसभा है. सुब्रत पाठक राजपूत वोट बैंक के जरिए ही चुनाव जीते थे. लिहाजा अब समाजवादी पार्टी का कन्नौज में कोई गढ़ नहीं रहा, क्योंकि सर्व समाज के लोग अब बीजेपी के साथ हैं.

पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे भूपेंद्र चौधरी

up cabinet expansion hansraj vishwakarma krishna paswan kailash rajput bhoopendra chaudhary reaction

वहीं यूपी बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पश्चिम यूपी के बड़े जाट चेहरे भूपेंद्र चौधरी भी शपथ ग्रहण से पहले धार्मिक आस्था में नजर आए. भूपेंद्र चौधरी ने अपनी पत्नी के साथ हनुमान मंदिर में दर्शन किए और भोग प्रसाद चढ़ाया. भूपेंद्र चौधरी का नाम भी मंत्रियों की लिस्ट में शुमार है. उनके नाम की चर्चा हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद से लगातार चल रही है. भूपेंद्र चौधरी की पत्नी ने कहा कि कल मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई है और आश्वासन मिला है. भूपेन चौधरी ने कहा सब अच्छा होगा और सबका मुंह मीठा करवाया.

माना जा रहा है कि बीजेपी इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए ब्राह्मण, जाट, दलित, पासी और अति पिछड़े वर्गों के बीच बड़ा सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही है. अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह विस्तार बीजेपी की बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement