scorecardresearch
 

गनर बाहर और अंदर बंधक बने नेता जी! कानपुर में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री रमेश यादव के घर लूटपाट

कानपुर में बदमाशों ने भाजपा उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री रमेश यादव के घर में घुसकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और कैश व जेवर लूटकर फरार हो गए. तेरह दिन पहले ही बने मंत्री के साथ हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया है.

Advertisement
X
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री रमेश यादव (Photo-ITG)
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री रमेश यादव (Photo-ITG)

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दो लुटेरों ने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री रमेश यादव को उनके घर में ही हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया. इसके बाद चोरों  ने 12 लाख रुपये कैश, ब्रेसलेट, चेन और घड़ी समेत कुल 12 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया. यह सनसनीखेज वारदात रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच थाना सेन पश्चिम पारा क्षेत्र स्थित मंत्री के आवास पर हुई, जब उनके गनर सामने वाली बिल्डिंग में थे और निजी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. 

घर में घुसकर बनाया बंधक

बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए मंत्री रमेश यादव के घर में प्रवेश किया और उनके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद कमरे में रखा करीब 12 लाख रुपये कैश, सोने का ब्रेसलेट, चेन और घड़ी लूटकर फरार हो गए. महज 13 दिन पहले ही मंत्री बने रमेश यादव के साथ हुई इस घटना से पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए.

गनर और सुरक्षा गार्डों पर उठे सवाल

घटना के समय शासन की तरफ से मिले गनर सामने वाली बिल्डिंग में मौजूद थे. वहीं, रात में बंगले पर तैनात रहने वाले उनके अपने सुरक्षा गार्ड वारदात के वक्त कहां थे, इस पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी के मुताबिक, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि सुरक्षाकर्मी उस दौरान कहां थे.

Advertisement

पुलिस और मंत्री की चुप्पी

घटना के बाद जॉइंट पुलिस कमिश्नर समेत कई बड़े अफसर रात में ही मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी सीधे तौर पर मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. खुद मंत्री रमेश यादव और उनके समर्थक भी इस मामले पर खुलकर बात नहीं कर रहे हैं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि रात में मिली सूचना के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement