Uttar Pradesh News: मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर थार और स्कॉर्पियो सवार हुड़दंगियों ने सोशल मीडिया रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट किए. करीब 10 गाड़ियों ने बीच सड़क जमकर गदर काटा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इन युवकों ने खड़खड़ी टोल प्लाजा से आगे यू-टर्न लेकर बीच सड़क पर गाड़ियां आड़ी-तिरछी खड़ी कर दीं और हूटर बजाते हुए डिवाइडर की फुलवारी को कुचल डाला।. अत्याधुनिक तकनीक से लैस एक्सप्रेसवे पर आधा घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद जब टोल कर्मियों ने पेमेंट मांगा, तो आरोपियों ने बैरियर तोड़ दिया. युवकों ने इंटरनेट पर वीडियो अपलोड करने की चाहत में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया.
एक्सप्रेसवे बना स्टंट का अखाड़ा, कुचली फुलवारी
गंगा एक्सप्रेसवे पर रील बनाने का यह क्रेज आम राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया. करीब 10 गाड़ियों का काफिला एक्सप्रेसवे पर उतरा और देखते ही देखते वहां रफ्तार का जानलेवा खेल शुरू हो गया. गाड़ियों को गोल-गोल घुमाया गया, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ. हद तो तब हो गई जब इन गाड़ियों ने डिवाइडर पर लगी सरकारी फुलवारी को बेरहमी से कुचल दिया और सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गए. इस दौरान गाड़ियों में लगे हूटर लगातार बज रहे थे.
टोल कर्मियों से अभद्रता और बैरियर का खात्मा
आधा घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब ये गाड़ियां वापस खड़खड़ी टोल प्लाजा पर पहुंचीं, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने नियमानुसार टोल टैक्स की मांग की. इस पर कार सवार युवक भड़क गए और उन्होंने टोल कर्मियों के साथ जमकर अभद्रता की. बात यहीं खत्म नहीं हुई, दबंगई दिखाते हुए कार चालकों ने टोल का भुगतान करने के बजाय वहां लगे सुरक्षा बैरियर को गाड़ी से तोड़ दिया और मौके से जबरन फरार हो गए.
सुरक्षा दावों पर सवाल और पुलिस की तफ्तीश
इस पूरी घटना ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे अत्याधुनिक तकनीक से लैस बताया जाता है. हर किलोमीटर पर कैमरे होने के दावों के बीच यह हुड़दंग बेखौफ चलता रहा.हालांकि, घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस से मामले की शिकायत की गई है. पुलिस अब इन वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है.