महिला आरक्षण पर आज यूपी विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाया गया. सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये सत्र आधी आबादी को समर्पित है. उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. कांग्रेस और सपा की मानसिकता महिला विरोधी है इसलिए इन्होने संसद में विरोध किया था. समाजवादी पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलती है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सत्र को 'आधी आबादी' यानी महिलाओं को समर्पित किया. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि इनकी मानसिकता महिला विरोधी है. सीएम ने याद दिलाया कि जब पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए जनधन खाते और घर-घर शौचालय जैसी योजनाएं शुरू कीं, तब इन दलों ने विरोध किया था.
CM योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें लाभार्थियों का पैसा हड़प जाती थीं, जबकि डबल इंजन सरकार सीधे खातों में पैसे भेज रही है. उन्होंने विपक्ष को महिला आरक्षण और सुरक्षा के मुद्दे पर संसद से सड़क तक बेनकाब होने का दावा किया.
सीएम योगी ने कहा कि 1995 का गेस्ट हाउस कांड सपा का असली आचरण है और कांग्रेस का पतन मौलवियों के दबाव में शाह बानो को न्याय न देने के कारण हुआ; उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सपा के गुंडे खुले में शौच के लिए मजबूर महिलाओं को परेशान करते थे, जिन्हें पीएम मोदी ने शौचालय देकर सम्मान दिया. योगी ने तंज कसा कि गिरगिट भी विपक्ष के बदलते रंग देखकर शर्मा जाए, क्योंकि दिल्ली में आरक्षण का समर्थन करने वाले लखनऊ आते ही रंग बदल लेते हैं. मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस महिला विरोधी मानसिकता के कारण 'श्रापित' हैं.
बकौल सीएम योगी- लोकसभा में सपा और कांग्रेस ने महिला आरक्षण का विरोध किया और यहां आकर आरक्षण मांग रहे हैं. समाजवादी पार्टी के दौर में महिलाएं शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलती थीं. दिल्ली से लखनऊ लौटे तो गिरगिट की तरह रंग बदल लिया. संसद में महिला आरक्षण का विरोध किया और लखनऊ में समर्थन कर रहे हैं. समाजवादी पार्टी का आचरण महिला विरोधी रहा है और ये महिलाओं से जुड़ी हर स्कीम का यह विरोध करते रहें हैं.
विधानसभा सत्र के दौरान सीएम योगी ने लोक स्वास्थ्य और महिला गरिमा को केंद्र में रखते हुए पिछली सरकारों को घेरा. उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिलों में कभी इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) से मासूमों की भारी मौतें होती थीं, जिन्हें रोकने में पूर्ववर्ती सरकारें नाकाम रहीं. आज 'डबल इंजन' सरकार की कोशिशों से राज्य में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतें शून्य हो गई हैं. CM योगी ने स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले शौचालयों के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं असुरक्षित थीं और उत्पीड़न का शिकार होती थीं, लेकिन अब उनकी गरिमा सुरक्षित है. उन्होंने विपक्ष के व्यवहार पर तंज कसते हुए कहा कि सदन और संसद में उनके बदलते रंग देखकर गिरगिट भी शर्मा जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा-
9 साल में 65 लाख गरीब परिवारों के घर बनाकर दिया
20 हजार स्टार्टअप इस वक्त यूपी में संचालित हैं
देश में 10 करोड़ गैस सिलेंडर महिलाओं को मुफ्त दिए गए हैं