
उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS अफसर केके बिश्नोई का संभल जिले से तबादला हो गया है. उनको बिजनौर का पुलिस कप्तान बनाया गया है. इस बीच शनिवार को संभल पुलिस लाइन में एक भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया. 1 साल 11 महीने के अपने कार्यकाल के दौरान 'सुपर कॉप' के रूप में पहचान बनाने वाले आईपीएस अफसर विदाई के अंतिम पलों में अपने आंसू नहीं रोक पाए.
जैसे ही वह 24 नवंबर 2024 को हुई संभल हिंसा का जिक्र करते हुए पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करने लगे, उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. उनके बगल में बैठे संभल के डीएम IAS अंकित खंडेलवाल ने तुरंत उन्हें पानी पिलाकर संभाला. केके बिश्नोई को भावुक देखकर डीएम अंकित खंडेलवाल भी खुद के आंसुओं पर काबू नहीं रख सके.
IPS पत्नी अंशिका वर्मा ने लिखा- 'Always Proud of You'
आईपीएस केके बिश्नोई की इस भावुक विदाई के बाद उनकी पत्नी और बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात IPS अफसर अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद खास स्टोरी शेयर की.
अंशिका वर्मा ने केके बिश्नोई की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'Always proud of you! Best wishes for the next assignment' यानी मुझे हमेशा आप पर गर्व है! अगले असाइनमेंट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.'' सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग दोनों अधिकारियों की तारीफ कर रहे हैं.

'जहां जाएंगे वहीं रौशनी लुटाएंगे...'
विदाई समारोह के दौरान आईपीएस केके बिश्नोई ने संभल हिंसा पर काबू पाने में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने वाले सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि संभल हिंसा पर नियंत्रण और उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी संभल पुलिस का एक 'टीम वर्क' था. समारोह के अंत में भावुक होकर उन्होंने एक शेर कहा, 'जहां रहेगा वहीं रौशनी लुटाएगा, किसी चराग का अपना मकां नहीं होता.''
सख्त एक्शन और सुरक्षा चक्र से बनाई अलग पहचान
संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के आरोपियों पर सख्त एक्शन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से निर्देश दिए गए, तो एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भी कई बड़े फैसले लिए.
हिंसा के फरार आरोपियों के पोस्टर जामा मस्जिद की दीवारों पर लगवाए और मास्टरमाइंड शारिक साठा गैंग पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा. हिंसा के बाद संभल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संभल जिले की सीमाओं पर 10 अलग-अलग बैरियर बनाए गए और 39 नई पुलिस चौकियों का निर्माण किया.
यह भी पढ़ें: संभल में भावुक हुए IPS केके बिश्नोई... विदाई समारोह के मंच पर छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला
इसी के साथ विवादित धर्म स्थल जमा मस्जिद के इलाके में हिंसा भड़कने के बाद भिवाड़ी धर्मस्थल के सामने ही सत्यव्रत पुलिस चौकी बनाने का ऐतिहासिक फैसला किया गया और उसी में संबंध में जिले का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है
संभल से बीते समय में कई बार आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद और भविष्य में कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए ATS की स्थापना कराने के लिए भी बड़ी पैरवी की गई. इसी के साथ शहर में चप्पे चप्पे पर निगरानी के लिए 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगवा कर सत्यव्रत पुलिस चौकी में ही इंटीग्रेटेड कमांडेंट कंट्रोल सेंटर की स्थापना करने का काम किया, जिससे कि भविष्य में एक ही कंट्रोल रूम में बैठकर शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके.