राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला नए खुलासों के साथ लगातार चर्चा में बना हुआ है. अब इस मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, अनुकल्प मिश्रा के नाम पर मंदिर में 'व्यवस्था कार्यकर्ता' के रूप में एंट्री पास जारी किया जाता था. अनुकल्प का एक्सक्लूसिव एंट्री पास 'आजतक' के पास मौजूद है.
आरोप है कि मंदिर के प्रत्येक विशेष कार्यक्रम के दौरान अनुकल्प मिश्रा के नाम से एंट्री पास बनाया जाता था. इस बीच दावा किया जा रहा है कि इसी व्यवस्था कार्यकर्ता वाले पास के जरिए उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था. आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि इसी पास के मदद से वह चढ़ावे की राशि की काउंटिंग प्रक्रिया में शामिल होता था.
यह भी पढ़ें: अब राम मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से 25 हजार की वसूली का खुलासा, देते थे विशेष सुविधा
जेल जाएंगे चंपत राय
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बीजेपी नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने दावा किया है कि उन्होंने पीएम मोदी से बात की है. विनय कटियार ने कहा, यह स्पष्ट है कि धन का गबन किया गया है. मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की है.
विनय कटियार ने बताया कि हो सकता है कि आने वाले दिनों में चंपत राय समेत गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जाएं.
बता दें, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सीसीटीवी फुटेज की जांच और चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद उजागर हुआ. इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षाकर्मी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से चोरी की गई नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया है. इस घटना के बाद राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और चढ़ावे के ऑडिट सिस्टम व्यवस्था को और सख्त किया गया है.