मथुरा में प्रेमानंद महाराज से जुड़े एक हॉस्टल में 25 सितंबर को रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का ही दिखता है, क्योंकि पुलिस के पास इससे जुड़े चार CCTV फुटेज हैं. मगर इस केस में एक ऐसी बात सामने आई, जिसने पूरी कहानी को उलझा दिया. आत्महत्या से पहले दीपक ने कमरे में रखे ग्राइंडर से अपना प्राइवेट पार्ट काट लिया था. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया?
दीपक की मौत के बाद पुलिस ने उनके साथ रहने वाले शख्स से पूछताछ की. हॉस्टल में रहने वाले दूसरे लोगों से भी सवाल किए गए. इसके बावजूद प्राइवेट पार्ट काटने की वजह सामने नहीं आई है. मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला. यानी मौत को लेकर CCTV एक तस्वीर दिखाते हैं, लेकिन उससे पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी कड़ी अब भी गायब है.
चार CCTV में क्या दिखा?
25 सितंबर की सुबह करीब 10.30 बजे के एक CCTV में दीपक ऊपर से सड़क पर गिरते दिखाई देते हैं. पास से एक दूसरा शिष्य साइकिल से गुजर रहा था. इसके बाद दीपक को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
दूसरे CCTV में दीपक छत के किनारे बैठे दिखाई देते हैं. कुछ देर बाद वह छत पर लेटते हैं, फिर खड़े होकर अचानक नीचे कूद जाते हैं. इसी दौरान पीछे से एक दूसरा शख्स छत पर आता दिखाई देता है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या दीपक ने उस शख्स को अपनी तरफ आते देखा था?
तीसरे CCTV में दीपक सुबह करीब सवा 10 बजे सीढ़ियों से छत की ओर जाते दिखते हैं. उनके कपड़ों पर खून के निशान भी नजर आते हैं. इसके बाद वह करीब 15 से 20 मिनट तक छत पर रहते हैं. फिर वही फुटेज सामने आता है जिसमें वह छत के किनारे बैठे, लेटे और आखिर में नीचे कूदते दिखाई देते हैं.
चौथे CCTV में दीपक गैलरी से अपने कमरे की तरफ जाते दिखाई देते हैं. यह फुटेज घटना के करीब 10 दिन बाद सामने आया
प्राइवेट पार्ट क्यों काटा, यही सबसे बड़ा सवाल
पोस्टमॉर्टम में दीपक का प्राइवेट पार्ट कटा हुआ मिला. गंभीर चोट की वजह से काफी खून बहा था. पुलिस को हॉस्टल से एक ग्राइंडर भी मिला है. माना जा रहा है कि इसी से दीपक ने खुद को चोट पहुंचाई थी. लेकिन दीपक ने ऐसा क्यों किया, इसका जवाब अब तक नहीं मिला है. क्या इसके पीछे हॉस्टल में हुई कोई घटना थी या वजह कुछ और थी? पुलिस ने उनके साथ रहने वाले शख्स समेत हॉस्टल में मौजूद दूसरे लोगों से भी पूछताछ की, फिर भी इस सवाल का जवाब नहीं मिल सका.
ब्रह्मचर्य से जुड़ा सवाल भी उठा
प्रेमानंद महाराज अपने प्रवचनों में ब्रह्मचर्य का पालन करने की बात कहते हैं. यह बात संन्यासियों के साथ गृहस्थों के लिए भी कही जाती है. इसी को देखते हुए यह सवाल भी उठा कि क्या दीपक ने ब्रह्मचर्य को लेकर कोई गलत समझ बना ली थी? क्या इसका पालन नहीं कर पाने की वजह से वह किसी तरह की आत्मग्लानि में थे? इस बारे में प्रेमानंद महाराज से जुड़े केली आश्रम के एक साधु से भी सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि दीपक ने ऐसा क्यों किया, इसका जवाब मथुरा पुलिस ही दे सकती है.
प्रेमानंद महाराज से जोड़कर चल रही खबरों पर क्या कहा?
इस मौत के बाद प्रेमानंद महाराज को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आने लगीं. हालांकि, जिस हॉस्टल से दीपक ने छलांग लगाई, वहां प्रेमानंद महाराज नहीं रहते।. वह हॉस्टल से कई किलोमीटर दूर रहते हैं. इस हॉस्टल में कुछ साधक रहते हैं, जो बिजली का काम करते हैं. दीपक भी उन्हीं में से एक थे.
मौत के बाद फैली खबरों से प्रेमानंद महाराज के कुछ भक्त नाराज हैं. हॉस्टल के पास रहने वाले मोनू कुमार का कहना है कि कुछ लोग प्रेमानंद महाराज की बढ़ती प्रसिद्धि से परेशान हैं. उनका आरोप है कि महाराज को लेकर ऐसी बातें फैलाई जा रही हैं, जिनसे हिंदू धर्म को बदनाम किया जा रहा है.
आजतक की टीम केली आश्रम के मुख्यालय भी पहुंची. वहां देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवक-युवतियां साधना में जुटे थे और प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने का इंतजार कर रहे थे. आश्रम से जुड़े एक शिष्य ने दीपक की मौत को महाराज से जोड़ने वाली बातों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना था कि दीपक की मौत दुखद है, लेकिन इसका प्रेमानंद महाराज से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि उनके गुरु और केली कुंज को इस मामले में नहीं घसीटना चाहिए.
विराट कोहली को लेकर भी दावा, आश्रम ने बताया बेबुनियाद
कुछ खबरों में दावा किया गया कि विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये देकर प्रेमानंद महाराज के आश्रम में बुलाया गया था. आश्रम से जुड़े शिष्य ने इस दावे को भी पूरी तरह बेबुनियाद बताया.
फिलहाल इस केस में सबसे बड़ा सवाल वहीं खड़ा है, जहां से पूरी कहानी शुरू होती है - दीपक ने आत्महत्या से पहले अपना प्राइवेट पार्ट क्यों काटा? चार CCTV फुटेज सामने आ चुके हैं, पुलिस पूछताछ कर चुकी है, ग्राइंडर भी बरामद हुआ है, मगर इस सवाल का जवाब अभी नहीं मिला है. सुसाइड नोट भी नहीं मिला. इसलिए मौत का तरीका CCTV में दिखने के बावजूद उसके पीछे की वजह अब भी एक मिस्ट्री बनी हुई है.