अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. राजधानी तेहरान में सोमवार, 2 नवंबर को एक नए सैन्य प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई. यहां ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) आम लोगों को युद्ध के लिए तैयार करेगी. इस ट्रेनिंग सेंटर में आम नागरिकों को सैन्य अभ्यास कराया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर वे युद्ध में मदद कर सकें.
तेहरान के ताजरीश स्क्वायर में बने इस केंद्र के उद्घाटन समारोह के दौरान सेना और IRGC के जवान हथियार चलाते और रस्सी पर संतुलन बनाकर चलते दिखाई दिए. इस दौरान वहां ईरान के झंडे भी लगाए गए थे. तेहरान में इससे पहले हफ्त-ए तीर स्क्वायर और इमाम हुसैन स्क्वायर पर भी ऐसे प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जा चुके हैं.
ईरान ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ आठ महीने से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए बातचीत अब भी चल रही है. पिछले कुछ दिनों में कतर के मध्यस्थों के साथ ईरान की बातचीत हुई. इस दौरान प्रस्तावों में बदलाव किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है.
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से बढ़ा तनाव
यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के अचानक किए गए हमले के बाद शुरू हुआ था. इसके बाद ईरान ने अहम समुद्री रास्ते होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया. वहीं, अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी कर दी. इस दौरान खाड़ी देशों पर ईरान की ओर से कई बार ड्रोन और मिसाइल हमले भी किए गए. यमन में भी संघर्ष फिर से तेज हो गया है. ऐसे हालात में तेहरान में आम नागरिकों को सैन्य ट्रेनिंग देने के लिए नए केंद्र खोले जाना ईरान की युद्ध से जुड़ी तैयारियों का हिस्सा है.