उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल 'सामाजिक समरसता महारैली' करने का ऐलान किया है. यह रैली आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में आयोजित की जाएगी. राजभर ने कहा कि इस रैली के जरिए लोगों का यह भ्रम दूर किया जाएगा कि आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का गढ़ है.
राजभर ने दावा किया कि महारैली के जरिए आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक ताकत को बड़ा झटका लगेगा. उन्होंने कहा कि रैली के जरिए अखिलेश यादव के आजमगढ़ को सपा का गढ़ बताने के दावे का भी जवाब दिया जाएगा. राजभर ने दावा किया कि रैली के बाद लोगों को पता भी नहीं चलेगा कि समाजवादी पार्टी कहां चली गई.
रैली में बीजेपी भी अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है. इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की बात कही गई है. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के बड़े नेता भी आजमगढ़ में मौजूद रहेंगे. रैली के जरिए बीजेपी और सुभासपा आजमगढ़ में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं.
जिले की राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि 'सामाजिक समरसता महारैली' के जरिए लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि आजमगढ़ को केवल समाजवादी पार्टी के राजनीतिक गढ़ के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि महारैली के बाद जिले की राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी और सपा की पकड़ को लेकर लोगों का नजरिया भी बदलेगा.
29 नवंबर को होने वाली इस महारैली को लेकर सुभासपा की ओर से तैयारियां शुरू की जा रही हैं. पार्टी इसे आजमगढ़ में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के बड़े कार्यक्रम के तौर पर पेश कर रही है.