नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने राह चलते लोगों को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले लोगों को कार में बैठाते थे, फिर उनका मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे. इसके बाद पीड़ित को धमकाकर मोबाइल का लॉक खुलवाते और उसके बैंक खाते से अपने खातों में रुपये ट्रांसफर कर लेते थे.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का लूटा गया iPhone-16, स्मार्ट वॉच, चार्जर, आधार कार्ड, 2 हजार 300 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: नोएडा कपल के हनीमून में आखिर क्या हुआ ऐसा? पत्नी ने दर्ज करा दिया केस
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को पीड़ित ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि सेक्टर-50 क्षेत्र में कुछ लोगों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया और उसका मोबाइल फोन, चार्जर, पावर बैंक तथा नकदी छीन ली.
मोबाइल का लॉक खुलवाकर खाते से ट्रांसफर किए रुपये
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे धमकाकर मोबाइल का लॉक खुलवाया. इसके बाद उसके बैंक खाते से अपने खातों में रकम ट्रांसफर कर ली. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
जांच के दौरान थाना सेक्टर-49 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया.
30 जून को पुलिस ने सेक्टर-50 के सामने से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, नितिन, विवेक और ऋषि के रूप में हुई है.
iPhone-16 समेत लूटा गया सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का iPhone-16, चार्जर, स्मार्ट वॉच, आधार कार्ड और 2 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई कार (UP84BT1585) भी जब्त कर ली गई है.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और फिरोजाबाद के आसपास के गांवों के रहने वाले हैं. पहले वे दिल्ली-एनसीआर में कार चलाने और मजदूरी का काम करते थे.
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने राह चलते लोगों को निशाना बनाना शुरू किया. वे लोगों को कार में बैठाकर उनका मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे. इसके बाद पीड़ित को डराकर मोबाइल का लॉक खुलवाते और बैंक खाते से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे.
अन्य वारदातों में भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने नोएडा, दिल्ली-एनसीआर या आसपास के इलाकों में इसी तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे मिले इनपुट के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है. यदि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
थाना सेक्टर-49 पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से भी अपील की जा रही है कि अनजान लोगों से लिफ्ट लेने से बचें.