मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा खतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत केलावड़ा गांव के पास खतौली-फलावदा मार्ग पर हुआ.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान राजकुमार (55), उनकी पत्नी महेंद्रि (53) और उनके बेटे सोनू सैनी (28) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली किया जब्त
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. सर्किल ऑफिसर रूपाली राव ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है.