उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नाली के मामूली विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया. आरोप है कि छोटे भाई ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर 70 वर्षीय बड़े भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.
दरअसल, यह वारदात चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव की है. मृतक की पहचान 70 वर्षीय कबाड़ी पुत्र बदर के रूप में हुई है. आरोप है कि गुरुवार देर रात नाली को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इसी दौरान छोटे भाई रामू, उसकी पत्नी गीता और बेटी काजल ने मिलकर बुजुर्ग पर हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: ₹10 चोरी के आरोप से आहत चौथी की छात्रा ने की खुदकुशी, टीचर पर पिटाई का आरोप!
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं शुरुआती कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
नाली और शकरकंदी की बेल से शुरू हुआ विवाद
मृतक के बेटे रवि के मुताबिक, पूरे विवाद की जड़ घर के सामने बनी नाली और उसमें लगी शकरकंदी की बेल थी. उनका आरोप है कि उनके पिता ने नाली में फैली बेल को हटा दिया था. इसी बात को लेकर शाम से दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो रात होते-होते खूनी संघर्ष में बदल गई.
रवि का कहना है कि पहले उसकी मां के साथ मारपीट की गई. इसके बाद जब उसके पिता बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता के पेट और सिर पर वार किए गए. रवि का दावा है कि घटना को एक बच्ची ने अपनी आंखों से देखा है और वही पूरी घटना की प्रत्यक्षदर्शी है.
मृतक के बेटे ने साफ तौर पर अपने चाचा रामू, चाची गीता और उनकी बेटी काजल पर हत्या का आरोप लगाया है. उसने कहा कि पुलिस आरोपियों के नाम लिखकर ले गई है, लेकिन उन्हें परिवार के लिए इंसाफ चाहिए. रवि ने कहा कि उनके पिता की मौत मामूली विवाद की वजह से हुई और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आई अलग कहानी
दूसरी ओर पुलिस की शुरुआती जांच में घटना की तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है. मुजफ्फरनगर के सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब एक बजे पीआरवी को सूचना मिली थी कि बिरालसी गांव में दो भाइयों के बीच विवाद के बाद एक बुजुर्ग की मौत हो गई है.
सीओ के मुताबिक जांच में अब तक सामने आया है कि 70 वर्षीय कबाड़ी और उसके 50 वर्षीय भाई रामू के बीच शराब के नशे में कहासुनी हुई थी. इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें बुजुर्ग जमीन पर गिर गए. गिरने के बाद उनकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली है.
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित तहरीर नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच, परिवार ने मांगा इंसाफ
घटना के बाद बिरालसी गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है. एक ओर मृतक का परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर शराब के नशे में हुई धक्का-मुक्की के दौरान गिरने से मौत की संभावना भी जता रही है.
अब इस मामले में सबसे अहम कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट होगी. रिपोर्ट से यह साफ होगा कि बुजुर्ग की मौत मारपीट से हुई या गिरने से लगी चोटों के कारण. इसी आधार पर पुलिस हत्या समेत अन्य धाराओं में आगे की कार्रवाई तय करेगी.
फिलहाल, परिवार इंसाफ की मांग पर अड़ा हुआ है. वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने रखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.