scorecardresearch
 

मेरठ हनी ट्रैप केस: फर्जी पुलिस अफसर का 'असली' दबदबा? गिरफ्तार राहुल पाल का महिला CO संग केक काटते वीडियो वायरल

मेरठ में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर रंगदारी मांगने वाले राहुल पाल की पुलिसकर्मियों संग केक काटते फोटो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है. आरोपी हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करते थे. पुलिस ने राहुल और आकाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो साथी फिलहाल फरार हैं.

Advertisement
X
आरोपी ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप का खेल खेल रहा था (Photo- Screengrab)
आरोपी ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप का खेल खेल रहा था (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: मेरठ में फर्जी पुलिस अधिकारी और फर्जी पत्रकार बनकर रंगदारी वसूलने के आरोप में गिरफ्तार राहुल पाल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. शनिवार को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने टीपी नगर के मोहकमपुर स्थित कार्यालय पर छापा मारकर राहुल पाल और उसके साथी आकाश को गिरफ्तार किया था. आरोपी खुद को पुलिसकर्मी और पत्रकार बताकर हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करते थे. अब राहुल का पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में केक काटते हुए वीडियो सामने आने से सवाल उठ रहे हैं.

वायरल वीडियो और तस्वीरों से मचा हड़कंप

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में राहुल पाल पुलिसकर्मियों के साथ केक काटता दिखाई दे रहा है. सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की है जिसमें वह एक महिला पुलिस क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में केक काट रहा है. इन तस्वीरों की तारीख और परिस्थितियों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप का खेल

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले लोगों से लड़की बनकर संपर्क करते थे और उन्हें हनी ट्रैप में फंसाते थे. इसके बाद खुद को पुलिस अफसर या पत्रकार बताकर एनकाउंटर और जेल भेजने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे. नीरज नाम के पीड़ित से भी दो लाख रुपये की मांग की गई थी.

पुलिस की कार्रवाई 

नीरज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने राहुल और आकाश को गिरफ्तार किया, जबकि दो साथी फरार हैं. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने फर्जी पुलिस चौकी चलाने के दावे को खारिज कर दिया है. वायरल तस्वीरों और वीडियो की सत्यता को लेकर पुलिस की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement