scorecardresearch
 

शाहजहांपुर में 4 साल की बच्ची की पीट-पीटकर हत्या, सौतेला पिता और दादा गिरफ्तार

शाहजहांपुर में चार वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बच्ची की पिटाई के बाद उसकी मौत हो गई और शव को खेत में दफना दिया गया. मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.

Advertisement
X
4 साल की बच्ची को पीट- पीटकर हत्या (Photo: representational image)
4 साल की बच्ची को पीट- पीटकर हत्या (Photo: representational image)

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में चार साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने सौतेले पिता और उसके पिता को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बच्ची की पिटाई के बाद उसकी मौत हो गई, जिसके बाद शव को खेत में दफना दिया गया. घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची की मां ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पूरे मामले की जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब चार महीने पहले उसने अखिलेश नामक व्यक्ति से विवाह किया था. इससे पहले वह लगभग दस वर्ष पूर्व अपने पहले पति से अलग हो चुकी थी. उसकी चार वर्षीय बेटी प्रिया पहले विवाह से जन्मी थी और उसके साथ ही रह रही थी.

महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही अखिलेश बच्ची के साथ मारपीट करता था. उसने पुलिस को बताया कि 4 मई को अखिलेश ने कथित तौर पर बच्ची की बुरी तरह पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोप है कि घटना के बाद उसने इलाज के बहाने बच्ची को कार में ले जाने की बात कही और बाद में शव को कांट क्षेत्र के एक खेत में दफना दिया.

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद वह महिला को भी अपने साथ अंबाला ले जाया गया. काफी समय तक वह बच्ची के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकी. बाद में उसने शाहजहांपुर लौटकर पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि मामले में बुधवार रात अखिलेश समेत उसके परिवार के नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने अखिलेश और उसके पिता सुरेंद्र तारा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

एसपी ने बताया कि बच्ची के शव को जिस स्थान पर दफनाया गया था, वहां से निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी तथ्यों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement