दिल्ली के मंगोलपुरी में आपसी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें कम से कम 6 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
पुलिस के मुताबिक, हमले की यह घटना मंगोलपुरी के एल ब्लॉक की तीन लेन से सामने आई है. घटना के बाद घायलों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है. पुलिस के बताया है कि, शुरुआती जांच से पता चलता है कि हमला पुरानी रंजिश की वजह से हो सकता है, और हमले में शामिल कुछ संदिग्ध नाबालिग हो सकते हैं.
वहीं कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावरों ने कुछ लोगों से लूटपाट भी की. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. यह घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: हॉस्टल के कमरे में मृत मिली 19 साल की नर्सिंग छात्रा, फांसी लगाकर दी जान
इस बीच अगस्त महीने की शुरुआत में मुंबई से भी एक चाकूबाजी की घटना सामने आई थी. इसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई थी. मुंबई के विक्रोली पश्चिम इलाके में तेज म्यूजिक बजाने को लेकर हुए विवाद के चलते चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली थी.
इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई. बताया गया कि चाकू से हुए हमले में 40 साल के सुनील विश्वकर्मा और उनके 14 साल के बेटे श्लोक की जान चली गई.
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद सुनील विश्वकर्मा और उनके बेटे श्लोक विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और राजावाड़ी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
शुरुआती जांच में सामने आया था कि यह घटना परिवार के सदस्यों के बीच तेज आवाज में संगीत बजाने पर आपत्ति जताने के बाद हुए झगड़े के कारण हुई. कई लोगों पर लात-घूंसों और चाकू से हमला किया गया.