scorecardresearch
 

महोबा: शराबी बेटे ने बूढ़ी मां को पीटा, तो 85 साल के पिता ने लाठी-पत्थर से कुचलकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. अजनर थाना क्षेत्र के एक गांव में शराबी बेटे की रोज-रोज की प्रताड़ना और बूढ़ी मां के साथ मारपीट से तंग आकर 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने लाठी और भारी पत्थर से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

Advertisement
X
महोबा में पिता ने अपने जवान बेटे को मार डाला (Photo- ITG)
महोबा में पिता ने अपने जवान बेटे को मार डाला (Photo- ITG)

यूपी के महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र में 85 साल के बुजुर्ग पिता नन्हेभाई ने अपने बेटे की हत्या कर दी. क्योंकि, बेटा उनकी पत्नी को पीट रहा रहा था. बचाने के लिए नन्हेभाई ने लाठी और भारी पत्थर से हमला कर 36 वर्षीय सगे बेटे भगवत को मार डाला. पूरा मामला आनंदपुरा बडेरा गांव का है.

बताया जा रहा है कि मृतक भगवत रोजाना शराब के नशे में धुत होकर अपने बूढ़े माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था. गुरुवार को उसने अपनी 80 साल की बूढ़ी मां रम्भी को पीटना शुरू कर दिया. बीच-बचाव करने आए पिता पर भी हमला करने दौड़ा. तब आत्मरक्षा और गुस्से में बुजुर्ग पिता ने लाठी और पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

शराब की लत ने उजाड़ा था घर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुजुर्ग नन्हेभाई के चार बेटों में से दो दिल्ली में मजदूरी करते हैं और एक की पहले ही मौत हो चुकी है. घर पर रहने वाला उनका चौथा बेटा भगवत बेहद शराबी था. इसी लत के कारण 10 साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी. वह लगातार अपने लाचार माता-पिता को प्रताड़ित कर रहा था. घटना के दिन अत्यधिक लहूलुहान हालत में भगवत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही सीओ रविकांत गौड़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुजुर्ग पिता को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मृतक की मां रम्भी देवी की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement