scorecardresearch
 

MLA बृजभूषण राजपूत सड़क हादसे में बाल-बाल बचे, पिता बोले- ये हत्या की साजिश

महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. अनियंत्रित डंपर ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की, लेकिन चालक की सूझबूझ से विधायक सुरक्षित बच निकले. डंपर ने एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. विधायक और उनके पिता ने इसे हत्या की साजिश बताते हुए एसआईटी जांच की मांग की है.

Advertisement
X
सड़क हादसे में बाल-बाल बचे BJP विधायक बृजभूषण राजपूत. (Photo: ITG)
सड़क हादसे में बाल-बाल बचे BJP विधायक बृजभूषण राजपूत. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. विधायक हमीरपुर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी एक अनियंत्रित डंपर उनके काफिले से टकरा गया. विधायक सुरक्षित बच निकले, लेकिन उनके एस्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर लगी, जिससे तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद विधायक और उनके पिता, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की साजिश बताया है.

रात साढ़े बारह बजे हुआ हादसा

यह घटना महोबा जिले के खरेला थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब साढ़े बारह बजे हुई. विधायक बृजभूषण राजपूत हमीरपुर से एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. उनका काफिला संकट मोचन मंदिर के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहा केला लदा एक डंपर अचानक उनकी ओर बढ़ गया. बताया गया कि डंपर ने विधायक की कार को टक्कर मारने की कोशिश की. हालांकि विधायक के चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और कार को सड़क से नीचे खंती में उतार दिया. इससे विधायक सुरक्षित बच गए.

लेकिन अनियंत्रित डंपर पीछे चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में विधायक के गनर, ड्राइवर समेत तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर महाराष्ट्र नंबर के डंपर और उसके चालक को पकड़ लिया.

Advertisement

पिता बोले, यह हादसा नहीं, हत्या की साजिश

घटना के बाद विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने इसे गंभीर साजिश बताया. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि उनके बेटे की हत्या की सोची-समझी कोशिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से वह मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और डीजीपी को पत्र लिखकर अपने बेटे की जान को खतरा होने की जानकारी दे रहे थे.

आईबी और एलआईयू रिपोर्ट का भी किया जिक्र

गंगाचरण राजपूत ने दावा किया कि आईबी और एलआईयू की रिपोर्ट में भी खतरे का उल्लेख किया गया है. उन्होंने कहा कि जिन विधायकों को कोई खतरा नहीं है, उन्हें वाई और जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन जनहित और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले उनके बेटे को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि यदि उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी. साथ ही उन्होंने पूरे मामले की एसआईटी से जांच कराने की मांग की.

विधायक ने धमकियां मिलने का किया दावा

भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने भी कहा कि जल शक्ति विभाग के भ्रष्ट ठेकेदारों के खिलाफ आवाज उठाने के बाद से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. उन्होंने एक और महत्वपूर्ण बात बताते हुए कहा कि आमतौर पर उनके काफिले में एस्कॉर्ट वाहन आगे चलता है, लेकिन बुधवार रात उन्होंने अचानक एस्कॉर्ट गाड़ी को पीछे चलने के लिए कहा था.

Advertisement

विधायक का अंदेशा है कि डंपर चालक ने उनकी कार समझकर पीछे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह केवल सड़क हादसा था या फिर इसके पीछे किसी साजिश का एंगल है. मामले की जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement