उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक यात्री की गैरजिम्मेदाराना हरकत से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया. आरोप है कि ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. आनन-फानन में ट्रेन की तलाशी शुरू की गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस के अनुसार, घटना ऐशबाग रेलवे स्टेशन की है. यहां तेलंगाना निवासी 26 साल का युवक ट्रेन में सफर करने के लिए पहुंचा था. बताया जा रहा है कि ट्रेन में उसे बैठने के लिए जगह नहीं मिली, जिससे वह नाराज हो गया. इसी दौरान उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी.
ट्रेन में मच गई खलबली
बम की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई. स्थानीय पुलिस, जीआरपी और अन्य सुरक्षा इकाइयों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं. इसके बाद ट्रेन और उसके सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई. कई यात्रियों को सुरक्षा कारणों से ट्रेन से नीचे उतारा गया और पूरे क्षेत्र की सघन जांच की गई.
काफी देर तक चली जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों को ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. जांच में स्पष्ट हो गया कि बम की सूचना पूरी तरह झूठी थी. इसके बाद ट्रेन को सुरक्षित घोषित कर आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया.
सीट नहीं मिली तो उड़ाई अफवाह
पुलिस ने जांच के दौरान अफवाह फैलाने वाले युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया. पूछताछ में सामने आया कि सीट नहीं मिलने की वजह से उसने यह झूठी सूचना दी थी. जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एक इंडिगो उड़ान में भी बम की झूठी सूचना मिलने का मामला सामने आया था. उस घटना के कारण विमान करीब छह घंटे तक विलंबित रहा था और यात्रियों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था.
रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि ऐसी झूठी सूचनाएं न केवल सुरक्षा एजेंसियों के संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं, बल्कि आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा करती हैं.