scorecardresearch
 

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सचिन यादव का शव मिलने से सनसनी, 6 महीने पहले भाई की गोली मारकर हुई थी हत्या

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में 30 वर्षीय सचिन यादव का शव एक खाली प्लॉट में मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. सचिन के भाई सोनू की भी 6 महीने पहले हत्या कर दी गई थी.

Advertisement
X
सांकेतिक फोटो (Photo: representational)
सांकेतिक फोटो (Photo: representational)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय सचिन यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक खाली प्लॉट से बरामद किया गया. यह घटना तब सामने आई जब स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी. सचिन के शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिसके आधार पर परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है. मृतक के भाई सोनू यादव की भी करीब छह माह पहले दीपावली के दौरान पीजीआई क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 

भाई की हत्या के बाद परिवार पर दूसरी बार टूटा दुखों का पहाड़ 

सचिन के परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है. करीब छह महीने पहले दिवाली के दिन पीजीआई के रेवतापुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान सचिन के भाई सोनू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की थी. हैरानी की बात यह है कि उस पुराने मामले में सचिन के पिता अभी भी जेल में बंद हैं और अब दूसरे बेटे का शव मिलने से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

पुरानी रंजिश और रोंगटे खड़े करने वाले निशान

परिजनों का आरोप है कि सचिन की मौत सामान्य नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है. शव पर मौजूद चोट के निशान इशारा कर रहे हैं कि उसे बेरहमी से पीटा गया है. दिवाली के समय हुए सोनू हत्याकांड के बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था. उस समय पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था. फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से कड़ियां जोड़ रही है.

Advertisement

जांच में जुटी सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. खाली प्लॉट से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा. सचिन के भाई सोनू की मौत के समय भी इलाज में लापरवाही और देरी के आरोप लगे थे, जिसे देखते हुए इस बार पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement