उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शिवा शर्मा हत्याकांड को लेकर मृतक की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर मामले की निष्पक्ष और हाईलेवल जांच कराने की मांग की है. रंजना शर्मा ने पुलिस जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए.
शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखी चिट्ठी में मामले की जांच पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने मांग की है कि हत्याकांड की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कराई जाए, ताकि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल हो सके.
श्रद्धा दुबे और रश्मि दुबे की भूमिका की जांच की मांग
रंजना शर्मा ने अपनी चिट्ठी में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि बेटे की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने जांच के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष पड़ताल करने की अपील की है.
CCTV फुटेज और डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की अपील
मृतक की मां ने मुख्यमंत्री से मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को संरक्षित रखा जाना चाहिए. साथ ही अगर जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है या साक्ष्यों से छेड़छाड़ की जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
परिवार की सुरक्षा और समयबद्ध जांच की मांग
रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने की अपील की है. इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जांच की प्रगति से परिवार को नियमित रूप से अवगत कराने की भी मांग की है. मृतक की मां ने कहा कि वह अपने बेटे के लिए न्याय चाहती हैं. उनकी मांग है कि शिवा शर्मा की मौत की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों को सजा दिलाई जाए.