उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में विवाद ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि एक युवक ने अपने पड़ोसी पर तेज रफ्तार कार चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक महानगर थाना क्षेत्र की गली नंबर-1 में शुक्रवार रात करीब 11 बजे यह सनसनीखेज वारदात हुई. बताया जा रहा है कि अनिल कुमार नाम के युवक का अपने पड़ोसी अजहुर से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने अपनी कार अजहुर पर चढ़ा दी. जिससे अजहुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल अजहुर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अजहुर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इस घटना से अजहुर की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय आरोपी अनिल कुमार नशे में धुत था. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर महानगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना अचानक हुई या फिर इसके पीछे पहले से कोई रंजिश थी. इस मामले में डीसीपी सेंट्रल जोन विक्रांत वीर ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा.