scorecardresearch
 

निकाह से पहले जमकर चले लाठी-डंडे! सहारनपुर में गहने और मेहर की रकम को लेकर वर-वधू पक्ष भिड़े

यूपी के सहारनपुर के एक मैरिज पैलेस में निकाह की खुशियां उस वक्त मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब गहनों की कमी और मेहर की रकम को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए. जमकर हुई मारपीट में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया है.

Advertisement
X
सहारनपुर में बीच सड़क मारपीट (Photo- Screengrab)
सहारनपुर में बीच सड़क मारपीट (Photo- Screengrab)

सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को कुतुबपुर माजरा से फिरोज की बारात बेहट रोड स्थित पैलेस पहुंची थी. बाजार बंद होने के कारण दूल्हा पक्ष जब कम गहने लेकर पहुंचा, तो दुल्हन पक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया. देखते ही देखते गहनों और मेहर की रकम का यह विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के कारण शादी समारोह 'रणभूमि' बन गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे और दुल्हन के भाइयों समेत तीन को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई मारपीट

शादी में हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. विवाद इतना बढ़ा कि मेहमानों के बीच हड़कंप मच गया और निकाह की रस्में बीच में ही रुक गईं. 

इस खूनी संघर्ष में दूल्हा पक्ष के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.

पुलिस की कार्रवाई और समझौते की कोशिश

सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है. पैलेस में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है. हालांकि, मामले को शांत करने और रिश्तों को बचाने के लिए दोनों परिवारों के बीच अब समझौते की कोशिशें भी की जा रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement