उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक अजीबोगरीब और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मामला सामने आया है. यहां के एक मदरसे में कथित तौर पर पाकिस्तानी मार्का वाला पंखा लगा पाया गया है. पंखे पर 'Made in Pakistan' लिखे होने का दावा किया जा रहा है, जिसकी तस्वीर अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
यह पूरा मामला कुशीनगर के विष्णुपुर थाना इलाके का बताया जा रहा है. मदरसा कादरिया हकीकतुल-उलूम में एक पंखा खराब हो गया था. सुधारने के लिए बाहर से एक इलेक्ट्रीशियन को बुलाया गया, जहां उसने देखा कि पंखे पर 'Made in Pakistan' लिखा हुआ है.
जैसे ही स्थानीय लोगों को इस बात की भनक लगी कि मदरसे में सीमा पार (पाकिस्तान) के मार्का वाला इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल हो रहा है, इलाके में विरोध और जांच की मांग तेज हो गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
मदरसे के भीतर लगे इस पंखे की तस्वीर सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई. वायरल फोटो में पंखे पर साफ रूप से पाकिस्तानी ब्रांडिंग दिखने का दावा किया जा रहा है.
स्थानीय निवासियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से यह पता लगाने की मांग की है कि आखिर यह पंखा भारत कैसे पहुंचा और इसे मदरसे में लगाने के पीछे क्या मंशा है?
क्या कहती है कुशीनगर पुलिस?
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है और गहन जांच की जा रही है.
जांच का मुख्य केंद्र यह है कि आखिर पाकिस्तान मार्का का यह पंखा भारत में कैसे आया और इसकी खरीद-फरोख्त के क्या स्रोत हैं. मदरसा प्रबंधन से भी इस संबंध में पूछताछ की जा सकती है.