scorecardresearch
 

'अब सही हो रहा है, मेरी बाउंड्री तुड़वा दी थी...', खान सर पर पड़ोसियों ने लगाए गंभीर आरोप

पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच विवाद के बाद खान सर एक बार फिर चर्चा में हैं. उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर और संभावित गिरफ्तारी को लेकर उनके पैतृक क्षेत्र के भाटपार रानी में लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है.

Advertisement
X
खान पर पड़ोसियों ने लगाया बड़ा आरोप. (Photo: ITG)
खान पर पड़ोसियों ने लगाया बड़ा आरोप. (Photo: ITG)

पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हुए विवाद के बाद चर्चित शिक्षक खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर और संभावित गिरफ्तारी को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. इस पूरे मामले को लेकर लोगों की राय जानने के लिए जब टीम उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपार रानी पहुंची, जिसे खान सर का मूल निवास स्थान बताया जाता है, तो वहां लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं.

खान सर के घर के आसपास रहने वाले लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान उनके व्यक्तित्व और प्रभाव को लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिलीं. क्षेत्र के सभासद आदित्य सिंह मोनू ने खान सर को इलाके का प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनका यहां काफी दबदबा है. उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में खान सर का नाम और पहचान इतनी मजबूत है कि लोग उन्हें बेहद प्रभावशाली मानते हैं.

खान सर के एक फोन पर पहुंच जाते थे अधिकारी
आदित्य सिंह मोनू ने कहा कि खान सर का नाम ‘खान सर’ की बजाय ‘अभिमान सर’ होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर के घर के सामने नगर पंचायत द्वारा नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया. सभासद के अनुसार खान सर के एक फोन कॉल के बाद निर्माण कार्य को रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे. उन्होंने इसे क्षेत्र में खान सर के प्रभाव का उदाहरण बताया.

Advertisement

हालांकि, इलाके में सभी लोगों की राय एक जैसी नहीं है. स्थानीय निवासी अशोक सिंह ने खान सर के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने इलाके में जमीन खरीदी थी और उसके बाद रास्ते को लेकर लंबे समय तक विवाद चलता रहा. अशोक सिंह का कहना है कि इस विवाद के कारण मोहल्ले के कई लोग परेशान हुए.

खान सर के साथ सही हो रहा है: अशोक
अशोक सिंह ने दावा किया कि रास्ते को लेकर करीब दो वर्षों तक विवाद बना रहा और बाद में उनकी बाउंड्री भी तुड़वा दी गई. उन्होंने कहा कि खान सर के खिलाफ जो कार्रवाई हो रही है, वह सही है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस संबंध में खान सर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है.

फिलहाल पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और उससे जुड़े कानूनी घटनाक्रम के बीच खान सर एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. जिस तरह से उनको लेकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, उसे देखते हुए अब यह मामला केवल कोचिंग विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सामाजिक और स्थानीय चर्चाओं का भी विषय बन गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement