कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र के अड़हरा गांव में हुए भारत सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे दो इनामिया आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी.
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल की रात अड़हरा गांव में भारत सिंह की हत्या कर दी गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
यह भी पढ़ें: प्रेमी-प्रेमिका ने डंपर के आगे लगाई छलांग, दोनों की हुई मौत... कौशांबी में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत
वहीं फरार चल रहे दो आरोपियों आकाश पाण्डेय और अंकित पाण्डेय पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस की लगातार दबिश और तलाश जारी थी, जिसके बाद आखिरकार दोनों इनामिया आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
प्रेम विवाह बना हत्या की वजह
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या के पीछे की वजह का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि मृतक भारत सिंह ने वर्ष 2019 में उनकी भांजी से प्रेम विवाह किया था. इस विवाह से परिवार के लोग नाराज थे और इसी कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी.
आरोपियों ने बताया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मौका पाकर उन्होंने भारत सिंह पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया. हमले में गंभीर चोट लगने से भारत सिंह की मौत हो गई.
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
एएसपी राजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगातार दबिश देने के निर्देश दिए गए थे. इसी क्रम में 23 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर दोनों इनामिया अभियुक्तों को नेवारी गांव के पास खदेरी नदी पुल से गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है.