scorecardresearch
 

शव लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, भीषण टक्कर में 6 घायल, Video

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में दिल्ली से झारखंड शव लेकर जा रही एंबुलेंस हाईवे पर ट्रक से टकरा गई. हादसे में चालक समेत 6 लोग घायल हो गए. एंबुलेंस में झारखंड निवासी गणेश का शव रखा था. घायलों को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्रयागराज रेफर किया गया.

Advertisement
X
महिला की हालत गंभीर.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
महिला की हालत गंभीर.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. दिल्ली से झारखंड एक शव लेकर जा रही एंबुलेंस राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है.

यह दुर्घटना कोखराज थाना क्षेत्र के ननमई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब 9 बजे हुई. जानकारी के अनुसार दिल्ली से झारखंड जा रही एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई.

यह भी पढ़ें: कौशांबी में आंधी-बारिश का कहर, पेड़ और टीन गिरने से 4 लोगों की मौत

हादसे के समय एंबुलेंस में झारखंड निवासी गणेश पुत्र सलोहन का शव रखा हुआ था. परिजन दिल्ली से शव लेकर अपने गृह जनपद झारखंड जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया.

पुलिस ने चलाया राहत और बचाव अभियान

पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और शव को सुरक्षित निकालकर दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई. हादसे में एंबुलेंस चालक आकाश (45), मंजू (28), जाह्नवी (6), अंजलि (7), ललिता देवी (42) और हरखू (35) घायल हो गए.

Advertisement

सभी घायलों को तत्काल सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया है.

देखें वीडियो...

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था भी सामान्य कराई. मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

CCTV फुटेज आया सामने

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में एंबुलेंस तेज रफ्तार में ट्रक से टकराती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

मामले में डीएसपी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि एंबुलेंस और ट्रक के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें 6 लोग घायल हुए थे. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्रयागराज रेफर किया गया है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement