कानपुर में हुई दिल दहला देने वाली घटना के बाद अब आरोपी की पत्नी के बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है. पत्नी रेशमा ने अपने पति पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं और घर के भीतर की स्थिति का खुलासा किया है. पत्नी के मुताबिक उनकी शादी साल 2014 में लव मैरिज के तौर पर हुई थी. वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हैं, जबकि उनके पति बिहार के रहने वाले हैं. कानपुर में नौकरी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था.
रेशमा ने बताया कि उनका पति अक्सर शराब के नशे में रहता था और उनके साथ मारपीट करता था. वह उन्हें मायके जाने से भी रोकता था. जब भी वह जाने की कोशिश करतीं, तो उनके साथ हिंसा की जाती थी. पत्नी का आरोप है कि पति बार-बार उनसे कहता था कि वह बेटे को लेकर कहीं और चली जाए, जबकि वह दोनों बेटियों को अपने पास रखेगा.
एक कमरा था स्पेशल
पत्नी ने यह भी बताया कि आरोपी ने घर के अंदर कई CCTV कैमरे लगवा रखे थे, खासतौर पर अपने कमरे में. वह किसी को भी उस कमरे में प्रवेश नहीं करने देता था. रेशमा को खुद अपने ही घर में उस कमरे के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी और वह बाहर से ही स्क्रीन पर कैमरों की फुटेज देखती थीं.
उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब वह बेटे को लेकर मायके चली गई थीं, लेकिन बेटियों को साथ नहीं ले जाने दिया गया. करीब 9 महीने बाद वह वापस लौटीं, क्योंकि बेटियों के बिना रह पाना मुश्किल हो रहा था.
पत्नी के अनुसार पति अक्सर कहता था कि वह मरना चाहता है और दोनों बेटियों को भी अपने साथ ले जाएगा. घटना वाली रात के बारे में रेशमा ने बताया कि सब कुछ सामान्य लग रहा था. परिवार ने साथ में खाना खाया और उसके बाद पति बेटियों को लेकर अपने कमरे में सोने चला गया. वह काफी देर तक फोन पर बात करता रहा, जिसे पत्नी CCTV के जरिए देख रही थीं.
रात में साथ खाना खाया था परिवार
करीब रात 2:30 बजे वह एक बेटी को लेकर बाथरूम गया और कुछ देर बाद वापस कमरे में आ गया. इसके बाद उसने कमरे की लाइट बंद कर दी. पत्नी ने दरवाजे और खिड़की के पास जाकर कोई हलचल या आवाज सुनने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ शांत था. उन्हें लगा कि सभी सो गए हैं. इसके बाद कब और कैसे यह वारदात हुई, उन्हें इसकी जानकारी नहीं हो सकी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश जारी है.