
यूपी की झांसी शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार रात नगरिया कुआं रोड पर मुठभेड़ के बाद चोरी के आरोपी नदीम और उसके साथी दीपक जाटव को गिरफ्तार किया था. इनके पास से 6 लाख के जेवरात और हथियार बरामद हुए थे. सोमवार सुबह पुलिस ने इस कामयाबी का जमकर प्रचार किया, लेकिन दोपहर में जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान 19 वर्षीय नदीम पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. आरोपी दतिया जिले का रहने वाला है और उस पर शहर में दो बड़ी चोरियां करने का आरोप है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की और पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन छेड़ दिया.
ऑटो चालक को मां की बीमारी का झांसा देकर भागा
कस्टडी से भागने के बाद नदीम ने शहर से निकलने के लिए शातिर दिमाग लगाया. वह दौड़ता हुआ एक ऑटो के पास पहुंचा और चालक अमित कुशवाहा से मां की गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर दतिया गेट चलने को कहा. अमित ने बताया कि युवक के हाथ में हथकड़ी नहीं थी, इसलिए उसने उसे सामान्य यात्री समझकर 150 रुपये में बैठा लिया. रास्ते में युवक 50 रुपये देकर यह कहते हुए उतर गया कि मां की हालत खराब है और वह यहीं से जल्दी पहुंचेगा. बाद में पुलिस ने ऑटो चालक को बताया कि जिसे उसने छोड़ा है, वह फरार कैदी है.

चोरी के बड़े खुलासे पर फिरा पानी
यह आरोपी 22 फरवरी को पलक पैलेस और 12 मार्च को मेवातीपुरा में हुई चोरियों में शामिल था. एसएसपी के निर्देश पर बनी टीमों ने रविवार को मुठभेड़ में इसे दबोचा था, जिसमें बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी. मौके से लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सोने-चांदी के आभूषण और बाइक बरामद हुई थी. सुबह तक पुलिस इस बरामदगी को अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही थी, लेकिन नदीम के भागने से शाम होते-होते महकमे की किरकरी हो गई. सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम सहित कई टीमें अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं.
पुलिस टीमों का सघन तलाशी अभियान जारी
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, नदीम के फरार होने के बाद जिले की सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई है. पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का दावा है कि घेराबंदी सख्त है और आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, जिला अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके से एक शातिर अपराधी का भाग जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. फिलहाल अस्पताल परिसर और शहर के मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात है.