उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया. कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी लोग अयोध्या से भगवान रामलला के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे.
मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या गए थे. सोमवार तड़के करीब 6 बजे जब वे लौट रहे थे, तभी रास्ते में कार चला रहे ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से जा टकराई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे के समय कार में कुल 10 लोग मौजूद थे. इनमें से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायलों में 4 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद का दृश्य बेहद भयावह था. कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था. घायलों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. केबिन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है. पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे-27 पर यह हादसा हुआ है और सभी मृतक ललितपुर जिले के निवासी हैं. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है.